पंचकूला। सकेतड़ी के शिव मंदिर में श्रावण मास के पहले सोमवार को भक्तों की भारी भीड उमड़ी। सुबह 4:15 बजेे आरती के समय मंदिर के कपाट खुलते ही परिसर हर-हर महादेव और बम-बम भोले के जयकारों से गूंज उठा। इस दौरान श्रद्धालुओं का उत्साह देखते ही बन रहा था।मंदिर प्रबंधन के सदस्यों ने बताया कि 50 हजार से ज्यादा श्रद्धालुओं ने भोले बाबा के दर्शन व पूजा अर्चना की। इस दौरान करीब सात क्विंटल दूध और करीब पांच क्विंटल फूल चढ़ाए गए।
श्रद्धालु सुबह से ही शिवलिंग पर फल, जल, बेलपत्र और दूध चढ़ाने के लिए कतारों में लगे हुए थे। मंदिर को विशेष प्रकार कि रंग-बिरंगी लाइटों से सजाया गया था। श्रद्धालुओं ने जलाभिषेक कर विशेष पूजा-अर्चना की। मंदिर समिति ने भक्तों की सुविधा के लिए विशेष प्रबंध किए थे। बुजुर्गों, बच्चों और महिलाओं के लिए अलग से लाइन लगवाई हुई थी। श्रद्धालुओं की सुरक्षा को लेकर पुलिस प्रशासन भी अलर्ट रहा।
मंदिर के पुजारी पंडित दिनेश शर्मा ने बताया कि श्रावण मास सोमवार का विशेष महत्व होता है। इस दिन भगवान शिव की आराधना से सभी कष्ट दूर और सभी मनोकामनाएं पूर्ण हो जाती हैं। मंदिर में काफी संख्या में मौजूद श्रद्धालुओं ने बताया कि वो हर साल श्रावण मास के पहले सोमवार को मंदिर में जल चढ़ाने आते हैंद्ध इस बार भी वह पूरी आस्था के साथ भोले बाबा के दर्शन करने आए हैं।