संवाद न्यूज एजेंसी
तरनतारन। कांग्रेस के प्रदेशाध्यक्ष राजा वड़िंग ने वीरवार को कांग्रेस प्रत्याशी करन बुर्ज के पक्ष में प्रचार किया। उन्होंने कहा कि आम आदमी पार्टी की घोषणाएं साढ़े तीन साल में पूरी नहीं हो पाई।
वड़िंग ने कहा कि आम आदमी पार्टी ने विधानसभा चुनाव से पहले पंजाब के लिए अपने घोषणापत्र जारी करते हुए कृषि आधारित उद्योगों पर ध्यान केंद्रित करने और स्वामीनाथन आयोग की रिपोर्ट को लागू करने के लिए केंद्र पर दबाव बनाने का वादा किया था लेकिन साढ़े 3 साल के बाद मुख्यमंत्री भगवंत मान स्वामीनाथन आयोग की रिपोर्ट में किसानों को फसल की कीमत के रूप में उत्पादन लागत का डेढ़ गुना देने में नाकाम साबित हुए हैं।
वड़िंग ने कहा कि बाढ़ के दिनों में तरनतारन एक बार भी सीएम मान ने किसानों की सार नहीं ली। आज वे अपने सारे वादे भूल फिर नए-नए लुभावने वादों से लोगों को गुमराह कर वोट लेना चाहते हैं। आप के 11 सूत्रीय घोषणापत्र में बड़े पैमाने पर व्यापारियों और उद्योगपतियों को राहत पहुंचाने के लिए माल एवं सेवा कर की दरों में कटौती और उसे आसान बनाने का वादा किया गया थ लेकिन उसे भी अभी तक अमली जामा नहीं पहनाया गया है।
तरनतारन शहर की विभिन्न वार्डों में अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग ने लोगों की समस्याएं भी सुनी। वड़िंग ने कहा कि आम आदमी पार्टी की सरकार के समय गुरु नगरी तरनतारन का विकास नाममात्र हुआ है। सरकार के आपसी कलह कलेश के चलते शहरवासियों ने बड़ी उम्मीदों के साथ इन्हें वोट दिए थे लेकिन इनके काउंसलर गुटबंदी के चलते इधर से उधर चले गए। शहरवासियों को नगर काउंसिल का अध्यक्ष नहीं मिल पाया।