चंडीगढ़। भारतीय जनता पार्टी पंजाब के प्रदेश अध्यक्ष केवल सिंह ढिल्लों ने आप सरकार पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने कहा कि सरकार कोयले की कमी का बहाना बनाकर अपनी नाकामियों पर पर्दा डाल रही है। उद्योगपति, आम जनता और किसान बिजली कट से परेशान हैं।
ढिल्लों ने याद दिलाया कि दिसंबर 2022 में मुख्यमंत्री ने पछवाड़ा कोयला खदान शुरू होने पर 30 साल के लिए पर्याप्त कोयले का दावा किया था। अब बिजली मंत्री स्वयं 1,500 मेगावाट बिजली उत्पादन कम होने की बात मान रहे हैं। निजी थर्मल प्लांट भी आधी क्षमता पर चल रहे हैं।
उन्होंने रोशन पंजाब प्रोजेक्ट के 5,000 करोड़ रुपये के निवेश पर सवाल उठाया। इस प्रोजेक्ट से जीरो पावर कट का दावा किया गया था। सरकार को इस परियोजना की स्थिति पर जवाब देना चाहिए।
उद्योग और कृषि पर प्रभाव :
पूरे पंजाब में 4 से 5 घंटे के लगातार बिजली कट लगाए जा रहे हैं। लुधियाना, जालंधर, खन्ना, मोहाली और मंडी गोबिंदगढ़ जैसे शहरों में यह समस्या है। अनियमित आपूर्ति से फैक्ट्रियों का उत्पादन ठप है। बिना सूचना के कटों से मशीनरी और कच्चे माल का नुकसान हो रहा है जिससे उद्योगपतियों की लागत बढ़ रही है। कृषि क्षेत्र भी प्रभावित है, सरकार किसानों को धान व अन्य फसलों के लिए आवश्यक बिजली नहीं दे पा रही है।