ट्रक पर बैठा युवक हवा में उड़ रही चीनी डोर की चपेट में आया
संवाद न्यूज एजेंसी
चंडीमंदिर। कालका–पिंजौर नगर परिषद क्षेत्र के वार्ड नंबर-18 स्थित सूरजपुर बस स्टॉप पर चीनी डोर ने एक बार फिर कहर बरपाया। सोमवार को ट्रक पर बैठे एक युवक की बाजू में हवा में उड़ रही चीनी डोर फंस गई, जिससे उसकी बाजू गंभीर रूप से जख्मी हो गई। घायल को तुरंत सूरजपुर के एक निजी क्लीनिक में उपचार के लिए ले जाया गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार ट्रक पर बैठा युवक अचानक हवा में उड़ रही चीनी डोर की चपेट में आ गया। डोर इतनी धारदार थी कि उसने जैकेट के नीचे पहनी शर्ट को भी काट दिया और बाजू में गहरा घाव कर दिया। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
लोगों ने बताया कि इससे पहले भी इसी स्थान पर बाइक सवार दंपती चीनी डोर में उलझकर सड़क पर गिर गए थे, जिसमें युवक घायल हुआ था। निवासियों ने वार्ड पार्षद और पुलिस प्रशासन से मांग की है कि पतंग उड़ाने वालों पर सख्ती से निगरानी रखी जाए और चीनी डोर का उपयोग करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाए।