रायपुररानी। एनएच-7 यमुनानगर–पंचकूला हाईवे पर गांव टाबर के पास हुए सड़क हादसे में 22 वर्षीय कैंटर चालक अमन लाल की मौत हो गई। एक अन्य व्यक्ति कर्ण गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसा उस समय हुआ जब अमन लाल अपनी गाड़ी का फटा हुआ टायर बदल रहा था। पीछे से आ रही तेज रफ्तार कैंटर नंबर ने खड़ी गाड़ियों को जोरदार टक्कर मार दी।
मृतक के बड़े भाई चमन लाल ने पुलिस को बताया कि 15 नवंबर को वह अपने भाई अमन लाल व अन्य ड्राइवर साथियों के साथ यमुनानगर से गुड़ व चीनी लोड कर मंडी हिमाचल प्रदेश जा रहे थे। सुबह करीब 3 बजे गांव टाबर के पास उनकी गाड़ी का पिछला टायर फट गया। गाड़ी को सड़क किनारे लगाकर अमन लाल टायर बदल रहा था। वहीं, चमन लाल और कर्ण भी अपनी-अपनी गाड़ियां सुरक्षित खड़ीकर उसकी मदद कर रहे थे।
इसी दौरान पीछे से आ रहे तेज रफ्तार कैंटर ने गाड़ी को पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर से पहली गाड़ी आगे खड़ी गाड़ी से जा टकराई। हादसे में अमन लाल और कर्ण बुरी तरह घायल हो गए, जबकि तीनों वाहनों को गंभीर नुकसान पहुंचा। टक्कर के बाद आरोपी चालक भीड़ का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गया। कुछ देर बाद पहुंचे राहगीरों और पुलिस की सहायता से घायलों को सेक्टर-6 सरकारी अस्पताल पंचकूला ले जाया गया। वहां डॉक्टरों ने अमन लाल को मृत घोषित कर दिया, जबकि कर्ण के हाथ व शरीर पर गंभीर चोटें मिलीं।
सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची। बाद में पुलिस अस्पताल पहुंची जहां मृतक का शव मोर्चरी में रखवाया गया। मृतक अमन लाल के भाई चमन लाल के बयान के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है।