मोहाली। सेक्टर-82 में रेलवे ट्रैक के पास बनी पानी की टंकी के सामने पेड़ से लटककर एक युवक ने खुदकुशी कर ली। युवक की पहचान 19 वर्षीय विकास कुमार के रूप में हुई है। उसका शव जीआरपीएफ ने पेड़ से लटकता देखा और नीचे उतारा। जिसके बाद उसके परिवार को सूचना दी गई। विकास कुमार अपने पिता फूल चंद और भाई आकाश के साथ वेंटीलेशन बनाने वाली फैक्टरी में काम करता था और तीनों इसी में रहते थे। विकास कुमार मूल रूप से यूपी के रायबरेली का रहने वाला था और एक साल पहले मोहाली आया था। एक साल से वह सेक्टर-82 में इसी फैक्टरी में काम कर रहा था। इस मामले में जीआरपीएफ पुलिस ने कार्रवाई की है। पुलिस को मृतक के पास से कोई सुसाइड नोट बरामद नहीं हुआ है।
रविवार सुबह 9 बजे विकास फैक्टरी से निकला था। 2 बजे उसके पिता फूल चंद से उसकी फोन पर बात हुई थी। उसके पिता ने उसे खाना खाने के लिए बुलाया था। उसने अपने पिता को कहा था कि वह हेडफोन ठीक करवाने आया है और लौटने में समय लग जाएगा। इसके बाद 4 बजे उसका फोन बंद आया। वह सारी रात घर नहीं लौटा। भाई व पिता उसे सारी रात ढूंढते रहे। सोमवार को देर शाम गश्त करते समय जीआरपीएफ पुलिस को विकास का शव पानी की टंकी के सामने बबूल के पेड़ से लटका मिला। उन्होंने शव को नीचे उतारा और जांच शुरू की। इसी बीच विकास का भाई अपने साथियों के साथ उसे ढूंंढता रेलवे ट्रैक पर आया तो उसे पता चला कि भाई ने खुदकुशी कर ली है। बताया जा रहा है कि विकास तीन भाई-बहन हैं। उसकी एक छोटी बहन है। परिवार ने कहा कि उन्हें समझ नहीं आ रहा कि उसने यह कदम क्यों उठाया, क्योंकि उसने कभी उन्हें अहसास नहीं होने दिया कि वह किसी चीज से परेशान है। पुलिस ने 174 की कार्रवाई कर शव परिवार को सौंप दिया था। मंगलवार को विकास का उसके पैतृक जिले रायबरेली में संस्कार किया गया है।