जीरकपुर। ढकोली में यूनिफाइड रेजिडेंट्स वेलफेयर एसोसिएशन (उरवा) और अमर उजाला की ओर से 16 सोसाइटियों में आयोजित स्वच्छता अभियान का शुक्रवार को समापन हो गया। समापन समारोह में हलका विधायक कुलजीत रंधावा मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। इस दौरान विधायक ने मौके पर पहुंचे विभिन्न सोसाइटियों के लोगों को स्वच्छता अभियान चलाने पर बधाई दी और आने वाले समय में हर प्रकार का सहयोग देने का आश्वासन भी दिया। इस कार्यक्रम की खास बात यह थी कि जिस जगह पर समापन समारोह था उस रास्ते से करीब एक सप्ताह पहले कूड़े की बदबू की वजह से लोग नाक पर रूमाल रखकर गुजरते थे। आज वह स्थल मुहिम में शामिल सोसाइटी के लोगों की वजह स्वच्छता का प्रतीक था। लोगों के स्वच्छता के भाव को देखते हुए विधायक ने इस जगह पर दो महीने के भीतर फव्वारे और लाइटें लगाकर सौंदर्यीकरण करने का आश्वासन दिया। इस मौके पर उरवा ढकोली के अध्यक्ष कुलभूषण शर्मा, इकबाल सिंह, डॉ. अजय यादव, विनोद शर्मा, सतीश कुमार के साथ-साथ बहुत से पदाधिकारी व अन्य उपस्थित रहे।
नाटक के जरिये स्कूली बच्चों ने दिया स्वच्छता का संदेश
सरकारी स्कूल के छात्रों ने नुक्कड़ नाटक के माध्यम से स्वच्छता का संदेश दिया। उन्होंने पॉलीथिन से पर्यावरण, खेतों, जलस्रोतों और पशुओं को होने वाले नुकसान को प्रभावी तरीके से प्रस्तुत किया। नाटक में उन्होंने गंदगी से होने वाली बीमारियों, कूड़ा इधर-उधर फेंकने के नुकसान और स्वच्छ वातावरण के फायदे को बेहद सरल अंदाज में दिखाया। छात्र-छात्राओं की प्रस्तुतियों को देखकर मौजूद लोग बेहद खुश हुए। उन्होंने तालियों से उनका उत्साहवर्धन किया।
हर वर्ष चलाएंगे अभियान
लोगों के सहयोग से स्वच्छता अभियान बहुत कामयाब रहा। हर वर्ष हम ऐसा अभियान चलाते रहेंगे। -कुलभूषण शर्मा, अध्यक्ष, उरवा
सहयोग के लिए सभी का किया धन्यवाद
हम यूनिफाइड रेजिडेंट्स वेलफेयर एसोसिएशन में शामिल सभी सोसाइटियों के निवासियों का तहे दिल से धन्यवाद करते हैं जिन्होंने अभियान को कामयाब बनाने में सहयोग दिया। उम्मीद करते हैं कि आगे भी इससे ज्यादा सहयोग मिलता रहेगा। -डॉ. अजय यादव, अध्यक्ष, शालीमार इन्क्लेव
यह अभियान लोगों को लिए प्रेरणा
यूनिफाइड रेजिडेंट्स वेलफेयर एसोसिएशन द्वारा चलाया गया यह स्वच्छता अभियान अपनी किस्म का एक बड़ा अभियान था, जिसने पूरे शहर के लोगों को समझना का संदेश दिया है। इस अभियान से प्रेरणा लेकर और भी बहुत से लोग अपने-अपने क्षेत्र में ऐसा अभियान चला सकते हैं। -सतीश कुमार, अध्यक्ष, गुरु नानक नगर
मोतिया हाइट्स सोसायटी को पहला स्थान मिला गर्व की बात
स्वच्छता अभियान में शामिल होकर खुशी मिली। हमारी मोतिया हाइट्स सोसायटी को स्वच्छता में पहला स्थान मिलना एक बड़े गर्व की बात है। आने वाले समय में भी हम इस स्थान पर बने रहने की हरसंभव कोशिश करेंगे। -दीपेंद्र चड्ढा, मोतिया हाइट्स
और मेहनत कर अगले साल पहले स्थान पर पहुंचेंगे
सोसाइटी के लोगों ने इस स्वच्छता अभियान में बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। 16 सोसाइटियों के स्वच्छता मुकाबले में हमारी सोसाइटी का दूसरे नंबर पर आना गर्व की बात है। अगली बार हम यह जरूर कोशिश करेंगे कि और मेहनत कर पहले स्थान पर पहुंचें। -राजेंद्र पाल सिंह, अध्यक्ष, गुलमोहर ट्रेंड्स