फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Panchkula News: घग्गर में अवैध खनन रोकने गई पुलिस जिप्सी में ट्रैक्टर से मारी टक्कर, पुलिसकर्मी पीजीआई रेफर

विज्ञापन
विज्ञापन
पथराव के बाद ट्रैक्टर से वाहन को किया क्षतिग्रस्त, चार आरोपी गिरफ्तार ट्रैक्टर-ट्रॉली और अन्य उपकरण जब्त
विज्ञापन

संवाद न्यूज एजेंसी
पंचकूला। सेक्टर-28 स्थित घग्गर नदी में अवैध खनन रोकने पहुंची पुलिस और माइनिंग विभाग की संयुक्त टीम पर खनन माफियाओं ने जानलेवा हमला कर दिया। आरोपियों ने पहले पथराव किया और फिर भागने के दौरान ट्रैक्टर-ट्रॉली से पुलिस की जिप्सी में टक्कर मार दी। घटना में एक पुलिसकर्मी घायल हो गया। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। साथ ही अवैध खनन में इस्तेमाल ट्रैक्टर-ट्रॉली और अन्य उपकरण भी जब्त कर लिए हैं।
जानकारी के अनुसार सेक्टर-25 पुलिस चौकी को सूचना मिली थी कि सेक्टर-28 स्थित घग्गर नदी में ट्रैक्टर-ट्रॉली के माध्यम से अवैध खनन किया जा रहा है। सूचना के आधार पर पुलिस और माइनिंग विभाग की टीम मौके पर पहुंची। वहां चार लोग ट्रैक्टर-ट्रॉली में अवैध रूप से खनन सामग्री भरते मिले।
विज्ञापन

पुलिस को देखकर आरोपियों ने पथराव शुरू कर दिया और ट्रैक्टर लेकर भागने का प्रयास किया। पीछा किए जाने पर उन्होंने ट्रॉली में भरी खनन सामग्री रास्ते में ही गिरा दी। पुलिस के अनुसार जब ट्रैक्टर को रोकने का प्रयास किया गया तो आरोपियों ने जान से मारने की नीयत से ट्रैक्टर सीधे पुलिस जिप्सी में दे मारा। टक्कर से पुलिस वाहन क्षतिग्रस्त हो गया और सिपाही अंकित कुमार निवासी यमुनानगर नीचे गिरकर घायल हो गए। प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें जीएमसीएच-32, चंडीगढ़ रेफर किया गया।
मामले में चंडीमंदिर थाना पुलिस ने केस दर्ज किया। जांच के दौरान ट्रैक्टर चालक जसविंद्र सिंह को गिरफ्तार किया गया। पूछताछ में उसने गुरजीत सिंह उर्फ बबलू, दीपक और सोनू उर्फ बिहारी के साथ मिलकर अवैध खनन करने की बात स्वीकार की। इसके बाद चौकी प्रभारी रामू स्वामी के नेतृत्व में पुलिस टीम ने पंजाब के गांव ककराली में दबिश देकर तीनों अन्य आरोपियों को भी गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपियों में गुरजीत सिंह, जसविंद्र सिंह और सोनू उर्फ बिहारी गांव ककराली (मोहाली) के निवासी हैं, जबकि दीपक सेक्टर-17 स्थित राजीव कॉलोनी का रहने वाला है। पुलिस ने बताया कि गुरजीत सिंह के खिलाफ पहले से चोरी का एक मामला दर्ज है, जबकि जसविंद्र सिंह स्नैचिंग के मामले में भी आरोपी रह चुका है।
विज्ञापन

डीसीपी सृष्टि गुप्ता ने कहा कि जिले में अवैध खनन और कानून-व्यवस्था को चुनौती देने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। जांच जारी है और अन्य लोगों की संलिप्तता सामने आने पर उन्हें भी मामले में शामिल किया जाएगा। अदालत में पेशी के बाद चारों आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें