रायपुररानी। गांव मौली में बीते कुछ समय से लगातार बना तनाव प्रशासन के लिए चिंता का विषय बना हुआ है। बुधवार को राजपूत समाज के खिलाफ एससी-एसटी एक्ट के तहत मामले दर्ज हुए थे। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए वीरवार को डीसीपी ईस्ट हिमाद्रि कौशिक ने गांव का दौरा किया और वहां सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। उन्होंने गांव में एक अस्थायी चाैकी बनाने के निर्देश दिए। उन्होंने पुलिस अधिकारियों के साथ बैठक कर स्थिति की जानकारी ली और गांव में कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए दिशा-निर्देश जारी किए।
गांव में हालात सामान्य रखने के लिए पुलिस बल की तैनाती पहले से की जा चुकी है। वर्तमान में गांव मौली में लगभग 100 महिला और पुरुष पुलिसकर्मी तैनात हैं, जो लगातार स्थिति निगरानी बनाए हुए हैं। रायपुररानी थाना प्रभारी सोमबीर ढाका ने बताया कि डीसीपी हिमाद्रि कौशिक ने मौके पर अस्थायी पुलिस चौकी बनाने के निर्देश दिए ताकि किसी भी आपात स्थिति से निपटा जा सके और ग्रामीणों को सुरक्षा का विश्वास मिल सके। उन्होंने कहा कि पुलिस की प्राथमिकता गांव में शांति और सद्भाव बनाए रखना है। उन्होंने ग्रामीणों से भी अपील की कि वे अफवाहों पर ध्यान न दें और किसी भी प्रकार की संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तुरंत पुलिस को दें। प्रशासन लगातार गांव मौली में होने वाली गतिविधियों पर नजर बनाए हुए है।