पिंजौर। शहर के घाटीवाला इलाके में एक व्यक्ति ने कर्ज के दबाव और कर्ज देने वाले की धमकियों से त्रस्त होकर फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली है। मृतक की पत्नी मीनाक्षी ने बताया कि उसका पति अजय कुमार (45) कई महीनों से मानसिक तनाव में चल रहा था। उसने आरोप लगाते हुए कहा कि कालका का रहने वाला अनिल कुमार मेरे पति से बार-बार अपने पैसों की मांग कर रहा था और धमकियां दे रहा था। इससे त्रस्त होकर उसके पति ने आत्महत्या की है। मीनाक्षी ने पुलिस को बताया कि अनिल कुमार के साथ उनके ससुर कन्हैया लाल का डेढ़ लाख रुपये का लेन-देन था। इसके बदले में आरोपी अनिल ने उसके ससुर के मकान के कागजात, पेंशन डेबिट कार्ड और ब्लैंक चेक साइन करवाकर अपने पास रख लिए थे।
वर्ष-2023 से आरोपी अनिल हर महीने उनके ससुर के खाते से 34,000 रुपये निकाल रहा था। इसके बावजूद वह उसके परिवार पर लगातार पैसे देने का दबाव बना रहा था। सोमवार की रात को इस तनाव से तंग आकर उसके पति अजय कुमार ने पहले पत्नी और बच्चों को घर से निकाल दिया। इसके बाद घर के अंदर पंखे से चुन्नी का फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। पुलिस ने आरोपी अनिल कुमार के खिलाफ केस दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।