कालका। शहर में स्थित एक निजी बैंक की ब्रांच में नकली सोना गिरवी रखकर गोल्ड लोन लेने का मामला सामने आया है। बैंक मैनेजर की शिकायत के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है।
बैंक मैनेजर सौरव ने पुलिस को बताया कि बुधवार को मनजीत कौर ब्रांच में गोल्ड लोन लेने आई थी। गोल्ड देखने पर उन्हें शक हुआ तो उन्होंने पैनल वैल्यूअर को चेकिंग के लिए बुलाया। जांच में महिला की ओर से लाई गई 1 गोल्ड बैंगल व 2 चेन नकली पाई गई। इस पर उन्होंने महिला की ओर से पहले से रखी गोल्ड ज्वेलरी भी चेक करवाई जो उक्त महिला ने 17 मार्च को बैंक में रखकर 1 लाख 58 हजार रुपये का लोन लिया था। चेकिंग पर यह 53.3 ग्राम ज्वेलरी भी नकली निकली।
पूछताछ पर महिला ने बताया कि ज्वेलरी सीमा बंसल, उसके पति व बेटे विशाल बंसल की है। उनके कहने पर ही उसने इसे बैंक में रखवाया है। इन तीनों ने और लोगों के नाम से भी नकली सोने से बनी ज्वेलरी बैंक में रखवाई है। मैनेजर ने बताया कि विशाल बंसल के नाम से उनकी ब्रांच कालका से 3 गोल्ड लोन लिए गए हैं। इसके अलावा विशाल बंसल ने अमरजीत शर्मा के नाम पर 2 गोल्ड लोन, संध्या के नाम पर 1 गोल्ड लोन व राजरानी के नाम से भी 1 गोल्ड लोन ले रखा है। इन सभी की बैंक में रखी ज्वेलरी भी नकली पाई गई है। उन्होंने मामले की शिकायत पुलिस को दे दी है। एसएचओ कालका ने बताया कि आगे की जांच क्राइम ब्रांच 19 की ओर से की जा रही है।