चंडीगढ़। भारतीय चुनाव आयोग की तरफ से पंजाब के युवाओं को मतदान के प्रति जागरूक करने के लिए राज्य के आइकन बनाए गए बॉलीवुड अदाकार सोनू सूद ने नौजवानों को अपने वोट के अधिकार के प्रति जागरूक करते हुए कहा कि उन्हें खुद पहली बार वोट डालते समय बड़ी जिम्मेदारी का एहसास हुआ था।
सोमवार को पंजाब भवन में आयोजित प्रेस कांफ्रेंस को ऑनलाइन ही संबोधित करते हुए सोनू सूद ने कहा कि जब उन्होंने मोगा में पहली बार अपने वोट के अधिकार का प्रयोग किया था तो अपने पिता जी के साथ स्कूटर पर गए थे। उस समय पर जिस जिम्मेदारी का एहसास हुआ, वही एहसास अब हो रहा है, जब लोगों को वोट के अधिकार के प्रति जागरूक करने की सेवा मिली है।
पंजाब के मुख्य चुनाव अधिकारी डा. एस. करुणा राजू की हाजिरी में हुई वर्चुएल प्रेस कांफ्रेंस के दौरान सोनू सूद ने पंजाब के लोगों को मतदान में बढ़ चढ़कर हिस्सा लेने की अपील करते हुए कहा कि अपने वोट के अधिकार के प्रयोग से ही हम देश की सभी समस्याओं को हल करने में कामयाब हो सकते हैं। उन्होंने नौजवान वोटरों से अपील की कि वह वोट बनाएं और बिना किसी डर और लालच के इस अधिकार का प्रयोग करें।
सियासी मंशा से नहीं की थी लोगों को घरों तक भेजने की सेवा : सोनू
पत्रकारों की तरफ से पूछे सवालों के जवाब में सोनू सूद ने कहा कि उनका किसी भी राजनीतिक पार्टी के साथ कोई संबंध नहीं है और लॉकडाउन के दौरान लोगों को घरों तक भेजने के लिए की गई सेवा के पीछे कोई राजनीतिक मकसद नहीं था, बल्कि केवल मुश्किल घड़ी में लोगों की सेवा करना था। उन्होंने ठेठ पंजाबी भाषा में बोलते हुए पंजाबियों के राजनीतिक तौर पर और ज्यादा जागरूक होने का जिक्र किया।
पंजाब भवन में उपस्थित अतिरिक्त मुख्य चुनाव अधिकारी माधवी कटारिया ने सोनू सूद को इस मुहिम के साथ जोड़ने के पीछे की पूरी कहानी बताई कि कैसे उन्होंने बॉलीवुड अदाकार के साथ संपर्क करके उन्हें इस मुहिम के साथ जोड़ा। उन्होंने पंजाब के नौजवानों को अपनी वोट बनवाने और इसका प्रयोग जागरूकता के साथ करने की अपील की और थोड़े समय के लाभों को नजरअंदाज करने को कहा।