पंचकूला। सेक्टर-25 के हनुमान मंदिर में माता सीता का जन्मोत्सव श्रद्धा के साथ मनाया गया। इस मौके पर मंदिर परिसर भक्तिमय माहौल से गूंज उठा। कार्यक्रम के दौरान श्रद्धालुओं ने 500 से अधिक दीप जलाकर भव्य दीपमाला सजाई, जिससे पूरा मंदिर परिसर जगमगा उठा। मंदिर में माता सीता की आकर्षक झांकी सजाई गई और विधि-विधान के साथ झूला झुलाने की परंपरा निभाई गई। श्रद्धालुओं ने भक्ति भाव से झांकी के दर्शन कर माता सीता का आशीर्वाद लिया। जन्मोत्सव पर विशेष आरती का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए। आरती के दौरान मंदिर परिसर जयकारों से गूंज उठा।
कौशल्या दीदी ने बताया कि माता सीता का जन्मोत्सव हर वर्ष धूमधाम से मनाया जाता है। इस दिन विशेष पूजा-अर्चना, दीप प्रज्ज्वलन और भजन-कीर्तन का आयोजन किया जाता है। श्रद्धालुओं ने इसे आस्था और सनातन परंपरा से जुड़ा पर्व बताते हुए बढ़-चढ़कर भागीदारी निभाई। कार्यक्रम के अंत में प्रसाद वितरण किया गया। श्रद्धालुओं ने कहा कि ऐसे धार्मिक आयोजनों से समाज में आध्यात्मिक चेतना और सांस्कृतिक मूल्यों को बढ़ावा मिलता है। पूरे आयोजन में भक्तों में विशेष उत्साह देखने को मिला।