हिमाचली परंपरा के अनुसार बनेगा भोजन, भजन संध्या में गायक अमित मित्तू देंगे प्रस्तुति
संवाद न्यूज एजेंसी
पंचकूला। देवभूमि हिमाचल की संस्कृति को बढ़ावा देने के उद्देश्य से सिद्ध जोगी सेवा चैरिटेबल ट्रस्ट ट्राइसिटी पंचकूला की ओर से छह मई को भव्य हिमाचली धाम का आयोजन किया जाएगा। ट्राईसिटी में रहने वाले हिमाचली समुदाय के लोगों में इस आयोजन को लेकर खासा उत्साह है। कार्यक्रम में पारंपरिक हिमाचली धाम के साथ सर्वसांझा सिद्ध जोगी भजन उत्सव भी आयोजित होगा।
आयोजक विक्रांत बाबा ने बताया कि हर साल की तरह इस बार भी धाम पूरी तरह हिमाचली परंपरा के अनुसार तैयार किया जाएगा। भोजन पीतल की बड़ी देगों में विशेष लकड़ी की आंच पर पकाया जाएगा। इसके लिए कुक टीम भी हिमाचल से पहुंचेगी। श्रद्धालुओं को जमीन पर बैठाकर पत्तलों में भोजन परोसा जाएगा, जो आयोजन का मुख्य आकर्षण रहेगा।
उन्होंने बताया कि भजन संध्या में कांगड़ा के प्रसिद्ध गायक अमित मित्तू भजनों की प्रस्तुति देंगे। भजन संध्या के बाद श्रद्धालुओं के लिए विशाल हिमाचली धाम परोसी जाएगी। साथ ही छाछ और लस्सी की व्यवस्था भी रहेगी।
कार्यक्रम को लेकर वीरवार को समिति सदस्यों की बैठक हुई। समिति अध्यक्ष निर्मल लुवाणा, सलाहकार विनोद जिंदल और भगत रमेश रैला ने बताया कि आयोजन की शुरुआत तीन मई को नौ नाथ झंडा शोभा प्रभात फेरी से होगी। प्रभात फेरी प्राचीन शिव बाबा मंदिर सेक्टर-12 रैला से शुरू होकर सेक्टर-11 तक निकाली जाएगी। सुबह पांच बजे शुरू होने वाली इस यात्रा के दौरान जगह-जगह श्रद्धालुओं द्वारा स्वागत किया जाएगा और समापन पर प्रसाद वितरित किया जाएगा।