पिंजौर। शहर की हुड्डा रोड पर रत्तपुर कॉलोनी में शराब के नशे में एक व्यक्ति ने पुलिस सब इंस्पेक्टर के साथ पहले हाथापाई की और फिर उसकी वर्दी फाड़ दी। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ केस दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है। आरोपी की पहचान कुलविंदर सिंह निवासी लोहगढ़, पिंजौर के रूप में हुई है।
पुलिस उपनिरीक्षक सब इंस्पेक्टर यादविंद्र सिंह ने बताया कि उन्हें सूचना मिली थी कि रत्तपुर कॉलोनी के सामने लड़ाई हो रही है। जब वे मौके पर पहुंचे तो देखा एक व्यक्ति शराब के नशे में एक रेहड़ी वाले के साथ मारपीट कर रहा है। जब उन्होंने पुलिस कर्मियों की सहायता से बीच-बचाव करवाने की कोशिश की तो शराबी व्यक्ति ने बदतमीजी करते हुए उनके ही साथ हाथापाई शुरू कर दी और उनकी वर्दी फाड़ दी। तभी नशे में धुत्त आरोपी अन्य पुलिस कर्मियों के साथ भी अभद्र भाषा का प्रयोग करते हुए उन्हें जान से मारने की धमकी देने लगा। मामला बिगड़ता देख उन्होंने पुलिस थाना पिंजौर में सूचना दी। इस पर उपनिरीक्षक प्रीतम, मुख्य सिपाही प्रवीन कुमार ने मौके पर पहुंचकर शराबी व्यक्ति को काबू किया।सब इंस्पेक्टर यादविंद्र सिंह ने आरोपी के खिलाफ सरकारी काम में बाधा डालने, पुलिस मुलाजिम के साथ मारपीट कर वर्दी फाड़ने और जान से मारने की धमकी देने की शिकायत दर्ज की है।