पंचकूला। चंडीगढ़-बद्दी रेल लाइन के प्रोजेक्ट के लिए 300 करोड़ रुपये का बजट दिया है, इससे पहले अंतरिम बजट में भी इसकी घोषणा हुई थी। अंबाला मंडल के डीआरएम मंदीप सिंह भाटिया ने बताया कि रेलवे ने वर्ष 2007 में घोषित किया था। यह रेललाइन 33.23 किलोमीटर की है। इसके अलावा नंगल डैम -तलवाड़ा रेल लाइन के लिए 500 करोड़ रुपये और भानुपली -बिलासपुर -बेरी रेल लाइन के 1700 करोड़ रुपये का बजट जारी किया है।
अंबाला मंडल के डीसीएम अमरपाल सिंह ने बताया कि इस प्रोजेक्ट का ज्यादातर हिस्सा हरियाणा के पंचकूला जिले में पड़ता है। प्रोजेक्ट की अनुमानित लागत 1540.14 करोड़ रुपये है। प्रोजेक्ट के लिए भूमि अधिग्रहण का काम सबसे मुश्किल था,जिसे रेलवे ने काफी पहले पूरा कर लिया गया था। यह रेल लाइन हिमाचल के नौ गांवों से होकर गुजरेगी। रेल लाइन सराजमाजरा, शीतलपुर, कल्याणपुर, चक-जंगी, लांडेवाल, केंदुवाल, बिलनवाली गुजरां, हरिपुर संधोली और संधौली गांव से होती बद्दी पहुंचेगी। रेल लाइन बिछाने के लिए कई स्तर पर काम किया जा रहा है। इस स्टेशन पर बनने वाले चंडीमंदिर, नानकपुरा और बद्दी रेलवे स्टेशन को बनाने का भी किया जा रहा है। इनके काम को भी जल्द पूरा किया जएगा। इससे लोगों को चंडीगढ़ से आगे-जाने के लिए डायरेक्ट कनेक्टिविटी मिलेगी। इससे रेलवे की ओर से ढुलाई का काम आसानी से किया जा सकेगा और लोगों को डायरेक्ट बद्दी के लिए ट्रेनें मिल जाएंगी।
ठंडे बस्ते में चंडीगढ़-यमुनानगर लिंक लाइन
वहीं, नई रेल लाइनों और पुराने बचे कार्यों को पूरा करने के लिए जहां 2662 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। वहीं, चंडीगढ़-यमुनानगर लिंक लाइन के लिए मात्र एक करोड़ रुपये का आवंटन किया गया है। इसी प्रकार राजपुरा-मोहाली के लिए एक करोड़, ऊना-हमीरपुर के लिए एक करोड़ और अंबाला-चंडीगढ़ रेल लाइन के अधूरे कार्य को पूरा करने के लिए एक करोड़ रुपये का आवंटन किया गया है।