पंचकूला। शहर में लगातार हो रही चोरी की वारदातों पर अंकुश लगाते हुए पंचकूला पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। क्राइम ब्रांच सेक्टर-19 की टीम ने बंद मकानों को निशाना बनाने वाले एक शातिर चोर को गिरफ्तार कर उसके द्वारा की गई पांच चोरी और एक स्नैचिंग की वारदातों का खुलासा किया है। आरोपी को अदालत में पेश कर दो दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया है।
एसीपी क्राइम अरविंद कंबोज ने बताया कि सेक्टर-17 निवासी एक व्यक्ति ने शिकायत दर्ज कराई थी कि 25 अगस्त को माता वैष्णो देवी के दर्शन के दौरान उसके घर के ताले तोड़कर गहने चोरी कर लिए गए। इस संबंध में थाना सेक्टर-14 में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई थी।
जांच के दौरान क्राइम ब्रांच सेक्टर-19 के इंचार्ज मुकेश सैनी के नेतृत्व में पुलिस टीम ने 17 दिसंबर को गुप्त सूचना के आधार पर राजीव कॉलोनी निवासी रोहित उर्फ विनोदी को बुढ़नपुर क्षेत्र से गिरफ्तार किया।
डीसीपी क्राइम एंड ट्रैफिक मनप्रीत सिंह सूदन ने बताया कि आरोपी आदतन अपराधी है। वह पहले इलाके में रैकी कर यह सुनिश्चित करता था कि कौन-सा मकान कितने दिनों से बंद है, फिर मौके देखकर चोरी की वारदात को अंजाम देता था। प्रारंभिक पूछताछ में आरोपी ने पंचकूला में चार अन्य घरों में चोरी और एक स्नैचिंग की वारदात करना स्वीकार किया है।
आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की दो विशेष टीमें गठित की गई थीं। पुलिस अब आरोपी से चोरी का माल बरामद करने और उसके अन्य आपराधिक रिकॉर्ड की जांच में जुटी है।