पंचकूला। आपातकालीन स्थिति में प्रशासन और सुरक्षा एजेंसियों की तैयारियों को परखने के लिए 26 नवंबर को सेक्टर-20 स्थित राजकीय संस्कृति सीनियर सेकेंडरी स्कूल में सिविल डिफेंस मॉक एक्सरसाइज होगी। दोपहर एक बजे शुरू होने वाले अभ्यास में एयर रेड सायरन, बचाव अभियान और घायलों को अस्पताल पहुंचाने की प्रक्रिया का प्रदर्शन किया जाएगा।
जिला कमांडेंट होम गार्ड गगनदीप सिंह ने बताया कि उपायुक्त सतपाल शर्मा के मार्गदर्शन में होने वाले अभ्यास का उद्देश्य विभिन्न विभागों के बीच तालमेल मजबूत करना है। इसमें ब्लैकआउट, सुरक्षित स्थानों पर लोगों को पहुंचाने, बचाव और प्राथमिक उपचार का अभ्यास होगा।
घायलों को सेक्टर-20 के स्कूल में बनाए गए प्राथमिक उपचार केंद्र से सेक्टर-6 नागरिक अस्पताल पहुंचाने का अभ्यास भी किया जाएगा। दमकल विभाग, सिविल डिफेंस, होम गार्ड, आपदा मित्र और एनसीसी की टीमें हिस्सा लेंगी।
गगनदीप सिंह ने लोगों से अपील की कि सायरन सुनकर घबराएं नहीं। यह केवल मॉक एक्सरसाइज का हिस्सा होगा।