इंटीग्रेटेड कमांड एंड कंट्रोल सेंटर सहित विकास परियोजनाओं के लिए 208.92 करोड़ रुपये का रखा बजट
माई सिटी रिपोर्टर
पंचकूला। पंचकूला महानगर विकास प्राधिकरण (पीएमडीए) की तीसरी बैठक में शहर के लिए इंटीग्रेटेड कमांड एंड कंट्रोल सेंटर (आईसीसीसी) को स्थापित करने के साथ कई विकास परियोजनाओं को मंजूरी दी गई। इसके अलावा प्राधिकरण ने वित्तीय वर्ष 2025-26 के लिए 587.94 करोड़ रुपये के बजट को भी मंजूरी दी।
इंटीग्रेटेड कमांड एंड कंट्रोल सेंटर के प्रमुख घटकों में एआई आधारित वीडियो एनालिटिक्स के साथ सीसीटीवी निगरानी, अनुकूली यातायात नियंत्रण प्रणाली (एटीसीएस), स्वचालित नंबर प्लेट पहचान (एएनपीआर), लाल बत्ती उल्लंघन का पता लगाना (आरएलवीडी), स्वचालित यातायात काउंटर और वर्गीकरण (एटीसीसी), आपातकालीन कॉल बॉक्स, सार्वजनिक संबोधन प्रणाली, हरियाणा पुलिस की डायल-112 हेल्पलाइन प्रणाली के साथ एकीकरण, स्ट्रीट लाइटिंग और ठोस अपशिष्ट की वास्तविक समय निगरानी, जल उपचार और सीवरेज उपचार संयंत्रों के लिए पर्यवेक्षी नियंत्रण और डेटा अधिग्रहण (एससीएडीए), कॉल-इन इंटरफेस के माध्यम से केंद्रीकृत नागरिक शिकायत निवारण, साथ ही साइबर सुरक्षा और गैर-दखलंदाजी निगरानी बुनियादी ढांचा शामिल हैं। परियोजना की अनुमानित लागत 208.92 करोड़ रुपये है और इसे 9 महीने में लागू किए जाने की उम्मीद है। यह बैठक सोमवार को मुख्यमंत्री नायब सैनी की अध्यक्षता में हुई है। पीएमडीए द्वारा क्रियान्वित की जा रही परियोजनाओं की समीक्षा करते हुए मुख्यमंत्री ने पंचकूला में सभी पार्कों के सौंदर्यीकरण और सड़क ढांचे को मजबूत करने की आवश्यकता पर बल दिया। उन्होंने निर्देश दिया कि पार्कों का अच्छी तरह से रखरखाव किया जाना चाहिए और शहर की सुंदरता बढ़ाने के लिए सौंदर्यीकरण किया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि राउंड अबाउट में विभिन्न प्रकार के फूल लगाए जाने चाहिए, ताकि उनका आकर्षण और बढ़ सके।
दो जलधाराओं के सौंदर्यीकरण को मंजूरी
बैठक में प्राधिकरण ने पंचकूला शहर से होकर बहने वाली दो ‘जलधाराओं’ के सौंदर्यीकरण और कायाकल्प को भी मंजूरी दी। इनमें एमडीसी से राजीव-इंदिरा कॉलोनी तक की जलधारा और सेक्टर-1 से औद्योगिक क्षेत्र, फेज-1 तक सिंह नाला चौराहा शामिल है। पंचकूला महानगर विकास प्राधिकरण (पीएमडीए) 95.42 करोड़ रुपये की लागत से यह कार्य कराएगा। बैठक में 173.48 करोड़ से पंचकूला के सेक्टर-32 में विश्व स्तरीय शूटिंग रेंज स्पोर्ट्स कांप्लेक्स के विकास के लिए प्रशासनिक स्वीकृति भी दी गई। बताया गया कि परामर्श एजेंसी की ओर से विस्तृत परियोजना रिपोर्ट प्रस्तुत कर दी गई है और कार्य आवंटन की तिथि से 24 महीने के भीतर कार्य पूरा होने की उम्मीद है।
पंचकूला में एक मॉडल रोड विकसित की जाए
मुख्यमंत्री ने निर्देश दिए कि पीएमडीए के अधिकार क्षेत्र में आने वाले सभी सड़क मरम्मत कार्य 15 जून 2025 से पहले पूरे कर लिए जाएं। उन्होंने यह भी निर्देश दिए कि पंचकूला में एक मॉडल रोड विकसित की जाए, जिसमें जिला न्यायालय परिसर के पास एक आकर्षक गोल चाैक बनाया जाए। इस पर उन्हें बताया गया कि पीएमडीए माजरी चौक, सेक्टर-1 से रेलवे स्टेशन तक एक मॉडल रोड विकसित कर रहा है, जिसमें साइकिल ट्रैक, फुटपाथ, हरियाली और अन्य सुविधाएं शामिल होंगी।