पंचकूला। गोदरेज एंड बायस, रियल्टी रिमैक्स और हाईटेक फोर्स इलेवन की टीमों ने रविवार को खेले गए सेकेंड पंडित उदय गौड़ मेमोरियल लीग क्रिकेट टूर्नामेंट के अपने अपने लीग मुकाबलों में जीत दर्ज की। सेक्टर-3 स्थित ताऊ देवी लाल क्रिकेट स्टेडियम में खेले गए मुकाबलों में गोदरेज एंड बायस ने आईएफएम को 94 रन से, रियल्टी रिमैक्स ने एचडीएफसी बैंक को 7 विकेट से और हाईटेक फोर्स ने पेस सीसी को आठ विकेट से मात दी।
पहला लीग मैच गोदरेज एंड बायस और आईएफएम के बीच खेला गया। इसमें टास जीतकर गोदरेज की टीम ने पहले बल्लेबाजी की। टीम ने विनीत चावला के 48, इंद्रजीत के 41 और मोनू खेरा के 30 रन की बदौलत 15 ओवरों में 4 विकेट पर 155 रन बनाए। अश्विनी ने एक विकेट हासिल किया। जवाब में खेलने उतरी आईएफएम की टीम नरेश ढींगरा की गेंदबाजी के सामने नतमस्तक हो गई और पूरी टीम 10.3 ओवरों में 61 रन बनाकर आलआउट हो गई। गुरबक्श ने एक रन पर दो विकेट चटकाए। दूसरे मैच में एचडीएफसी बैंक ने 15 ओवरों में 9 विकेट पर 105 रन बनाए, जिसमें गुरविंद्र सैनी ने 28, अमनदीप ने 25 रन का योगदान दिया। आमिर हुसैन व रोहित ने दो-दो विकेट हासिल किए। रियल्टी रिमैक्स की टीम ने निर्धारित लक्ष्य 14.1 ओवरों में 3 विकेट खोकर पूरा कर लिया। आमिर हुसैन ने 47, अजय ने 33 रन की पारी खेली। तीसरे मुकाबले पेस सीसी ने 13 ओवरों में सभी विकेट खोकर 81 का स्कोर खड़ा किया, जबकि उसके खिलाफ हाईटेक फोर्स ने 12.4 ओवरों में 2 विकेट गंवाकर जीत दर्ज कर ली।