पंचकूला। जिले में हो रही धड़ाधड़ वारदातों का खुलासा करने के लिए डिटेक्टिव स्टाफ निशान सिंह गैंग के सहयोगी मंगा को लाएगी। अंबाला की सेंटल जेल में बंद मंगा को पंचकूला लाने के लिए डिटेक्टिव स्टाफ ने अदालत में अर्जी दाखिल की थी, इस पर अदालत की ओर से 14 मई की तारीख निर्धारित की गई है। डिटेक्टिव स्टाफ ने 25 मार्च को बिल्डर पर हमले की योजना बनाने के आरोप में दो युवकों को दो देसी कट्टे समेत काबू किया था। पूछताछ में युवकों ने मंगा गैंग से कनेक्शन का खुलासा किया। दोनों आरोपियों को न्यायिक हिरासत में अंबाला की जेल भेज दिया गया।
पंचकूला के एक बिल्डर से चौथ मांगने और फिर उनकी कार पर गोली चलाने के आरोप में मंगा पहले ही अंबाला की जेल में बंद है। मंगा गैंग के निशाने पर दस व्यापारी और बिल्डर हैं। डिटेक्टिव स्टाफ के सब इंस्पेक्टर दीपक कुमार के अनुसार मंगा से हमले के कारणों का पता लगाया जाएगा। वारदात के पहले बिल्डर को किसी तरह का फोन नहीं आया, इसलिए शायद गिरोह के सदस्य पिछली बार की वारदात का बदला लेने की फिराक बना रहे हों। इसके अलावा मंगा के जेल से गिरोह के संचालन करने की भी तहकीकात की जाएगी।