पंचकूला/पिंजौर। एएसआई रिश्वत केस में शिकायतकर्ता और छेड़छाड़ का आरोपी पुलिस गिरफ्त मेें आ गया है। उसके तीनों अन्य साथियों को भी पुलिस ने गिरफ्तार कर शुक्रवार को कालका की अदालत में पेश किया, जहां से चारों को 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।
पुलिस के मुताबिक पिंजौर निवासी पप्पू, सोनू, चांद मोहम्मद और सद्दाम को अंबाला जेल भेज दिया गया। यह वही पप्पू है, जिसकी शिकायत पर विजिलेंस ने पिंजौर थाने के एएसआई धूम सिंह के खिलाफ रिश्वत मांगने के आरोप में मामला दर्ज किया था और डीसीपी ने एएसआई को सस्पेंड कर दिया था। पुलिस के मुताबिक महिलाओं से छेड़छाड़ में पप्पू के अलावा सोनू, चांद मोहम्मद और सद्दाम भी शामिल थे। इन्होंने दो अप्रैल को दो महिलाओं से न सिर्फ छेड़छाड़ की, बल्कि उनको चोटें भी पहुंचाई थीं। पप्पू और अन्य के खिलाफ शिकायत करने वाली महिलाओं को आई चोट की सरकारी अस्पताल में जांच भी कराई गई थी।
पप्पू की शिकायत पर एएसआई धूम सिंह के खिलाफ तो विजिलेंस ने मामला दर्ज कर लिया था, लेकिन ‘अमर उजाला’ ने सवाल उठाया था कि पप्पू के खिलाफ जो शिकायत है, उसका क्या होगा? डीसीपी ने पप्पू के खिलाफ शिकायत पर जांच के आदेश दिए थे और उसी जांच के बाद मामला दर्ज किया गया।