पंचकूला। द गुरुकुल स्कूल सेक्टर 20 की ओर से वीरवार को स्कूल परिसर में ग्रेजुएट डे मनाया गया। इसमें हरियाणा की शिक्षा मंत्री गीता भुक्कल ने बतौर मुख्य अतिथि उपस्थित होकर स्कूल के उत्तीर्ण विद्यार्थियों को सर्टिफिकेट देकर सम्मानित किया।
स्कूल परिसर में आयोजित इस समारोह में मुख्य अतिथि का स्कूल बैंड ने स्वागत किया। इसके बाद विद्यार्थियों ने सरस्वती वंदना से कार्यक्रम की शुरुआत की और इटालियन डांस पेश कर खूब तालियां बटोरीं। कार्यक्रम के दौरान स्कूल के उत्तीर्ण विद्यार्थियों की उपलब्धियां भी स्लाइड शो पर दिखाई गईं, जबकि जूनियर क्लास के विद्यार्थियों ने स्कूल के न्यूज लेटर लांच किया। इस न्यूजलेटर में स्कूल की अचीवमेंट को बेहतरीन तरीके से दर्शाया गया है।
स्कूल प्रिंसिपल हरसिमरन कौर ने स्कूल की वार्षिक रिपोर्ट पढ़ी। इसके बाद शिक्षामंत्री ने विद्यार्थियों को ग्रेजुएट डिग्री दी। शिक्षामंत्री गीता भुक्कल ने कहा कि प्रदेश में अब सरकारी स्कूलों को भी अपडेट किया जा रहा है और प्राइवेट स्कूलों की तरह शिक्षा देने की कोशिश की जा रही है। उन्होंने गुरुकुल स्कूल की उपलब्धियों की भी सराहना की। शिक्षामंत्री करीब एक घंटे तक समारोह में उपस्थित रहीं। इस मौके पर स्कूल की डायरेक्टर रजनी थरेजा, संजय थरेजा, प्रिंसिपल हरसिमरन कौर भी मौजूद थीं।