पंचकूला। फर्जी पुलिस अधिकारी बनकर युवक से 9.46 लाख रुपये ठगने का मामला सामने आया है। युवक की आईडी वाली सिम से लड़कियों को तंग करने की शिकायत मिलने का डर दिखाकर ठगी की है। शिकायत मिलने पर सेक्टर-12 साइबर थाने ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, सकेतड़ी निवासी क्षितिज से 9.46 लाख रुपये की ठगी हुई है। उनके अनुसार 14 अप्रैल को उनके मोबाइल पर एक अज्ञात नंबर से फोन आया। फोन करने वाले व्यक्ति ने कहा कि कुछ ही देर में उनकी आईडी की सभी मोबाइल नंबर बंद हो जाएंगे। अगर वह ऐसा नहीं चाहते हैं तो तुरंत 9 डायल करें और बात करें। इतना कहते ही कॉल ट्रांसफर हुआ और एक व्यक्ति ने खुद को मुंबई पुलिस का अधिकारी बताकर कहा कि उनके नाम से जारी मोबाइल नंबर से कई महिलाओं और लड़कियों को परेशान किया जा रहा है। इसकी शिकायत मुंबई पुलिस को मिली है। आरोपी ने बताया कि उनके आधार नंबर से जुडे बैंक खाते को मनी लॉन्ड्रिंग में इस्तेमाल किया गया है। अब उनके खिलाफ मुंबई पुलिस कार्रवाई करने जा रही है। इसके बाद उन्हें स्काइप एप डाउनलोड कर वीडियो कॉल करने को कहा गया। वीडियो कॉल के माध्यम से शिकायतकर्ता की डिटेल और बैंक खातों की पूरी जानकारी ली गई। आरोपियों ने खुद को मुंबई पुलिस का स्टाफ बताकर उनके अलग-अलग बैंक खातों से 9.46 लाख रुपये निकाल लिए। उसके बाद उन्हें साइबर ठगी का पता चला। उन्होंने तुरंत 1930 पर कॉल कर अपनी शिकायत दर्ज करवाई।