संवाद न्यूज एजेंसी
पंचकूला। वर्क फ्रॉम होम का झांसा देकर 9.27 लाख रुपये की साइबर ठगी के मामले में साइबर थाना टीम ने हिसार से एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान सुनील कुमार, हिसार के रूप में हुई है।
शिकायतकर्ता के अनुसार 16 अप्रैल को उसे टेलीग्राम के माध्यम से ऑनलाइन कमाई का लालच दिया गया। शुरुआत में आरोपी की ओर से थोड़ा लाभ भेजा गया ताकि भरोसा जीता जा सके। इसके बाद 16 से 30 अप्रैल के बीच कुल 9,27,524 रुपये की ठगी कर ली गई। शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
साइबर थाने के एसएचओ युद्धवीर सिंह और जांच अधिकारी भूप सिंह की टीम ने 30 नवंबर को हिसार में रेड कर आरोपी को काबू कर लिया। आरोपी को 1 दिसंबर को अदालत में पेश किया गया जहां से उसे तीन दिन के पुलिस रिमांड पर भेज दिया गया।
रिमांड के दौरान पूछताछ में खुलासा हुआ कि ठगी की रकम में से 4 लाख 18 हजार रुपये आरोपी के खाते में मिले हैं। इसके अलावा आरोपी के बैंक खातों में अन्य साइबर ठगी के मामलों से जुड़े करीब 1 करोड़ 33 लाख रुपये के लेन-देन का भी पता चला है।
डीसीपी क्राइम मनप्रीत सिंह सूदन ने बताया कि आरोपी की तलाश हरियाणा के कई जिलों और उत्तर प्रदेश की पुलिस भी कर रही थी। वह काफी समय से पुलिस को चकमा दे रहा था। प्रारंभिक पूछताछ में इस साइबर नेटवर्क में अन्य लोगों की संलिप्तता के संकेत मिले हैं जिनकी पहचान की जा रही है। पुलिस को आने वाले दिनों में और गिरफ्तारियों की उम्मीद है।
डीसीपी ने लोगों से अपील की कि ऑनलाइन कमाई या वर्क फ्रॉम होम के लालच में आने से पहले सतर्क रहें, संदिग्ध लिंक या ऑफर पर भरोसा न करें और किसी भी धोखाधड़ी की स्थिति में तुरंत साइबर हेल्पलाइन 1930 या पुलिस को सूचना दें।