मोहाली। चेन्नई से आए सैकड़ों प्रशंसकाें को उस समय गहरा धक्का लगा जब उनके फेवरेट महेंद्र सिंह धोनी की चेन्नई सुपर किंग्स की टीम को किंग्स इलेवन पंजाब के हाथाें हार का सामना करना पड़ा। इस मैच को जीतने मे केएल राहुल की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पहले बल्लेबाजी करते हुए चेन्न्ई सुपर किंग्स टीम ने 170 रन बनाए। लक्ष्य का पीछा करने उतरी किंग्स इलेवन पंजाब की टीम ने 12 गेंद शेष रहते 6 विकेट से मैच जीत लिया।
धोनी की पत्नी साक्षी के साथ कॉमेडियन सुनील ग्रोवर भी पहुंचे
इस मुकाबले को देखने के लिए चेन्नई सुपर किंग्स के कप्तान महेंद्र सिंह धोनी की पत्नी साक्षी भी यहां पहुंची। वह कारपोरेट बॉक्स में बैठकर टीम को सपोर्ट कर रहीं थी। उनके साथ कपिल के शो में गुत्थी का किरदार निभाने वाले सुनील ग्रोवर बैठे थे। लोगों ने जैसे ही गुत्थी को देखा तो उनकी ओर सभी की निगाहें उठ गईं। गुत्थी अपनी स्टाइल से सभी का मनोरंजन करते रहे। सुरेश रैना के आउट होने के बाद मैदान पर पहुंचे महेंद्र सिंह धोनी का स्वागत एक ओर जहां प्रशंसक कर रहे थे वहीं उनकी पत्नी साक्षी ने भी कुर्सी से खड़े होकर तालियां बजाते हुए खुशी दिखाई दी। मैदान पर पहुंचे धोनी को कुछ ही गेंदें खेलने को मिलीं। वह मात्र 10 रन ही बना सके।
केएल राहुल की तेज पारी
चेन्नई सुपर किंग्स के खिलाफ ओपनिंग करने आए किंग्स इलेवन पंजाब के केएल राहुल ने मैदान पर आते ही अपने तेवर दिखा डाले। हरभजन सिंह के ओवर में उन्होंने तीन चौके लगाकर अपना इरादा जाहिर कर दिया। उन्होंने मैदान के चारों ओर आक्रामक शाट्स लगाए। केएल राहुल ने सिर्फ 19 गेंदों पर अपने पचास रन बना डाले। केएल राहुल 71 के स्कोर पर आउट हो गए। इस खिलाड़ी ने 36 गेंदाें पर पांच छक्के और और चार चौके जड़े।
एच सरावनन फेस पेंट कर पहुंचे
महेद्र सिंह धोनी के सबसे बड़े प्रशंसक एच सरावनन इस मैच के लिए खास तौर से चेन्नई से मोहाली पहुंचे थे। जैसे ही टीम मोहाली के मैदान में पहुंची तो सरावनन ने हाथ में चेन्नई सुपर किंग्स का झंडा उठा लिया और उसको लहराने लगे। गाड़ी से जैसे ही टीम के खिलाड़ी निकले वैसे ही सरावनन उनका जोश बढ़ाने में लग गए। इस मैच को देखने के लिए पंजाब और उसके आसपास के रहने वाले लोग पंहुचे थे। वही चेन्नई सुपर किंग्स का मैच देखने के लिए चेन्नई से खासतौर पर धोनी की टीम को सपोर्ट करने के लिए फैंस पहुंचे थे। हर स्टैंड पर फैंस पीली ड्रेस में टीम का उत्साह बढ़ा रहे थे।
धोनी की गेल व केएल से ज्यादा डिमांड
मोहाली का मैदान किंग्स इलेवन पंजाब का घरेलू मैदान है। यह मैच 4 बजे से शुरू हुआ। लोग दो बजे से मैदान पर पहुंचना शुरू हो गए थे। गर्मी की परवाह किए बगैर यहां लंबी लाइन लगीं थीं। इस मैच में उपस्थित दर्शकों के सबसे चहेते खिलाड़ी धोनी ही रहे। इस मैच से पहले लोग क्रिस गेल और केएल राहुल की टी-शर्ट पहन कर पहुंचते थे लेकिन इस मैच में धोनी की टी-शर्ट नंबर-7 पहनकर पहुंचे।