बदलाव के दौर में शिक्षण संस्थानों को भी बदलने की जरूरत : प्रो. घुम्मन
नैक की ओर से पीयू में असेसर्स ओरिएंटेशन प्रोग्राम का आयोजन
अमर उजाला ब्यूरो
चंडीगढ़। नेशनल असेसमेंट एक्रीडेशन काउंसिल (नैक) की ओर से असेसर्स ओरिएंटेशन प्रोग्राम का आयोजन किया गया। इस संबंध में आसपास के राज्यों से आए विशेषज्ञों को और अधिक जानकारी देने के लिए पंजाब यूनिवर्सिटी में कार्यशाला भी आयोजित की गई। इस कार्यक्रम में वाइस चांसलर्स, डीन, सीनियर प्रोफेसर और विभिन्न संस्थाओं के निर्देशक शामिल हुए।
कार्यक्रम का उद्घाटन पीयू के डीन रिसर्च प्रोमोशन सेल के प्रोफेसर आरके सिंगला ने किया। उन्होंने डेलिगेट्स का स्वागत करते हुए पीयू की उपलब्धियों से उन्हें अवगत करवाया। इस दौरान उन्होंने हायर एजूकेशन इंस्टीटयूशंस की गुणवत्ता और विश्व में हर दिन पैदा होने वाली चुनौतियों का सामना करने के लिए किस प्रकार छात्रों को तैयार किया जाए आदि तथ्यों पर भी बात की। प्रो. सिंगला ने कहा कि बदलते समय के साथ शिक्षण संस्थाओं को अपनी कार्यप्रणाली में भी बदलाव करना चाहिए।
पंजाबी यूनिवर्सिटी के वाइस चांसलर प्रोफेसर बीएस घुम्मन ने कहा कि शिक्षण क्षेत्र में दृष्टिकोण और परिप्रेक्ष्य में बदलाव करना बहुत जरूरी है। प्रतियोगिता के इस दौर में केवल वही संस्थान जीवित रह पाएंगे जो नवीनतम वैश्विक के साथ आगे बढ़ेंगे। नैक की उप-सलाहकार डॉ. प्रतिभा सिंह ने नैक के मानदंडों पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि 70 फीसदी क्वांटिटी मानदंडों और 30 फीसदी गुणात्मक मूल्यों पर जोर दिया। उन्होंने उपस्थित लोगों को नैक द्वारा बनाए गए ऑनलाइन पोर्टल के बारे में अवगत कराया।