शिरोमणि गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी का स्थापना दिवस मनाया
गुरुद्वारा मंजी साहिब हॉल में डाले गए अखंड पाठ के भोग
अमर उजाला ब्यूरो
अमृतसर। गुरुद्वारों को महंतों के कब्जे को छुड़ाने के लिए हुए संघर्ष के बाद अस्तित्व में आई शिरोमणि गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी ने शुक्रवार को अपना 98वां स्थापना दिवस मनाया। गुरुद्वारा मंजी साहिब हॉल में अखंड पाठ के भोग के बाद प्रधान भाई गोबिंद सिंह लौंगोवाल ने कहा कि शिरोमणि कमेटी की स्थापना से गुरुधामों को महंतों के कब्जे से छुड़ा संगत को सौंपने का सफर शुरू हुआ था। सिख कौम की इस महान संस्था का सफर एक सदी की तरफ बढ़ रहा है। शिरोमणि कमेटी ने अब तक के सफर में धर्म प्रचार के साथ-साथ सामाजिक और लोक भलाई के कई काम किए। भाई लौंगोवाल ने शिरोमणि कमेटी के अधिकारियों और कर्मचारियों से अपील की कि वह इस महान संस्था के इतिहास को समझे और नेक नियत से काम करे। इस अवसर पर श्री हरमंदिर साहिब के अतिरिक्त हेड ग्रंथी ज्ञानी जगतार सिंह ने कहा कि शिरोमणि कमेटी ने संसार भर में बसे सिखों को एक सूत्र में पिरोया। कमेटी के चीफ सेक्रेटरी डॉ. रूप सिंह ने कहा कि इस समय 25 हजार से अधिक कर्मचारी कमेटी के अलग अलग विभागों में काम कर रहे हैं।
इस अवसर पर भाई लौंगोवाल ने कमेटी के चार पूर्व कर्मचारियों को बेहतर काम करने पर सम्मानित किया। सम्मानित कर्मचारियों में पूर्व जूनियर सेक्रेटरी गुरबचन सिंह चांद, श्री दरबार साहिब के पूर्व मंजर दयाल सिंह, सेवादार ज्ञानी सरवन सिंह और सोहन लाल शामिल हैं। इस अवसर पर ज्ञानी जसवंत सिंह, भाई मलकियत सिंह, कार्यकारिणी सदस्य गुरबचन सिंह करमूवाला मौजूद थे।