भाखड़ा में रिपेयर का काम पूरा, लेकिन कल तक रहेगी परेशानी
पहले की तरह से सप्लाई सामान्य होने में लगेगा समय क्योंकि स्टोरेज टैंक हैं खाली
अमर उजाला ब्यूरो
चंडीगढ़।
पंजाब सिंचाई विभाग की ओर से चल रहा भाखड़ा की रिपेयर का काम रविवार को पूरा हो गया है। इसकी जानकारी पंजाब की ओर से नगर निगम के जनस्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों को दे दी गई है, लेकिन चंडीगढ़ को आने वाले पानी का लेवल अभी बढ़ा नहीं है। यह दिक्कत अभी मंगलवार तक जारी रहेगी, क्योंकि सेक्टर-39 के कजौली वाटर वर्क्स के स्टोरेज टैंक खाली हो गए हैं। ऐसे में सप्लाई पहले की तरह नार्मल होने में अभी दो दिन का समय और लगेगा। हालांकि अधिकारियों के मुताबिक सप्लाई सामान्य होने में एक दिन ही लगेगा।
वहीं, पिछले 10 से ज्यादा दिन से रिपेयर का काम होने से प्रतिदिन 15 एमजीडी पानी कम आ रहा है। इस कारण शहर के अधिकतर सेक्टरों में पानी के लिए त्राहि त्राहि मची रही।
रविवार को मौसम के मेहरबान रहने के बावजूद कई सेक्टरों में पानी नहीं आया। सेक्टर-20, 21, 22, 23 और 24 के निवासियों को लगातार पानी की किल्लत का सामना करना पड़ रह है। ऊपर की मंजिलों में तो एक बूंद भी पानी का नहीं चढ़ रहा है। इस कारण नगर निगम द्वारा लोगों के घरों में टैंकर भेजने का सिलसिला भी जारी रहा।
कार्यकारी अभियंता हरीश सैनी का कहना है कि भाखड़ा की रिपेयर का काम पूरा हो गया है। लेकिन सप्लाई नार्मल होने में अभी एक दिन का समय और लग जाएगा क्योंकि चंडीगढ़ को आने वाले पानी का लेवल अभी नहीं बढ़ा है। सोमवार से पानी की सप्लाई बढ़ा दी जाएगी।