जाखड़ ने कैप्टन की मौजूदगी में भरा नामांकन
शक्ति प्रदर्शन में नवजोत सिंह सिद्धू ने अपने जुमलों और चुटकुलों से जनता को हंसाया
अमर उजाला ब्यूरो
गुरदासपुर।
गुरदासपुर लोकसभा उपचुनाव में कांग्रेसी उम्मीदवार सुनील जाखड़ ने शुक्रवार को मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह की मौजूदगी में नामांकन पत्र दाखिल किया। नामांकन के बाद तिब्बड़ी रोड़ स्थित पुड़ा ग्राउंड पर शक्ति प्रदर्शन भी किया गया। इस दौरान गुरदासपुर से राज्यसभा सदस्य प्रताप सिंह बाजवा को छोड़कर तकरीबन सभी कांग्रेसी एमपी, मंत्री, विधायकों व जिला प्रधानों ने शिरकत की। शक्ति प्रदर्शन के दौरान निकाय मंत्री नवजोत सिंह सिद्धू ने अपने जुमलों और चुटकुलों से लोगों को जमकर हंसाया।
सिद्धू ने अपने भाषण की शुरुआत करते हुए कहा कि मैं गुरदासपुर निवासियों का दिल से आभार व्यक्त करता हूं कि तुसी कोठे ते तोता बैन नई दित्ता, जीजा साला रहन नहीं दित्ता। नवजोत ने कहा कि आज मैं इनकी ठोक के जाऊंगा, तुम लोग खास हो, क्योंकि 77 सीटों के साथ कांग्रेस इतिहास रचकर सत्ता में आई है, जिसका सारा श्रेय आप लोगों को है। सिद्धू ने कहा कि खोते और अरबी घोड़े का कोई मुकाबला नहीं, क्योंकि अकाली दल तीसरे नंबर पर आया है। तीसरे नंबर पर आकर भी आप हमसे रिजल्ट मांगते हो। जब भी कोई पढ़ता लिखता है, पेपर देता है उसका रिजल्ट भी साल बाद आता है, अगर किसी के घर शादी होती है वहां भी खुशी एक साल बाद आती है, और हम तुम्हे ंछह माह में ही रिजल्ट दे दें। उन्होंने कहा जब साठ एमएलए कहते है कि इन जीजा साले की पोल खोलें, इन्हें जेल में डालों तो वह एमएलए नहीं करीब डेढ़ करोड़ जनता की आवाज पंजाबी बोलता है। इसलिए बच कर रह देर सबेर इंसाफ होगा, देर से ही सही पर जरूर होगा। आम आदमी पार्टी के बारे में सिद्धू ने कहा कि भोली सूरत दिल के खोटे, नाम बडे़ और दर्शन छोटे। सिद्धू ने कहा कि जब में चुनावों में जाता था तो रास्तों में दीवारों पर पढ़ता था। केजरीवाल केजरीवाल सारा पंजाब तेरे नाल, पर मैने बाद में वहां मिटा कर लिखा केजरीवाल केजरीवाल एह की बनया तेरे नाल। बातों बातों में सिद्ध फतेहजंग बाजवा पर भी जुमला कस गए कि लोग कहते है कि वह नाराज है। यह हमसे नहीं सुखबीर से नाराज है। उन्होंने कहा कि हमारे गुरदासपुर के सात उम्मीदवारों ने आम आदमी पार्टी की जमानतें जब्त करवा दी। सलारिया संबंधी उन्होंने कहा कि उनके मेडिकल कालेज की 10 करोड़ की जमानत जब्त हो गई तो वह लोगों से क्या जीतेंगे।
सलारिया को टिकट मिलने से दिल का बोझ उतरा: जाखड़
गुरदासपुर। सुनील जाखड़ ने कहा कि जब उन्हें खबर मिली कि बीजेपी ने अपने उम्मीदवार का एलान कर दिया है। जिससे मेेरे दिल से बोझ उतर गया। उन्होंने कहा कि बोझ इसलिए नही उतरा कि उम्मीदवार कौन है बल्कि इसलिए उतर गया क्योंकि राजनैतिक विरोध होने के बावजूद वह खुद विनोद खन्ना के बहुत बड़े फैन रहे है। मुझे आज भी उनका डायलाग याद है, मार दिया जाए या छोड़ दिया जाए।
जाखड़ ने कहा कविता खन्ना को टिकट मिलता तो दिल पर बोझ रहता। इसके साथ ही बीजेपी ने अपना रंग दिखाया है। बिजनेसमैन को टिकट देकर इन्होंने साबित कर दिया कि पूंजीपतियों की पार्टी है। उन्होने कहा कि मुझे लोग पूछते है कि आप यहां रहेंगे कहा। मैं साफ कर देना चाहता हूं कि मैं नबंरदारी के लिए खड़ा नहीं हुआ। नंबरदारी के लिए नंबरदार चुनों, पार्लियामेेंट में आवाज उठानी हो तो मुझे वोट डाले अन्यथा वोट न डाले। उन्होनें कहा कि सुखबीर को अगर कर्जा माफ करना होता तो आप ने कब का कर दिया होता। उन्होंने कहा कि अगर आप लोग जीएसटी, ब्लैकमनी, पेट्रोल की बढ़ती कीमतों से तंग है तो मेरा साथ जरूर दें।
सलारिया पहले मुझसे टिकट मांगने आए थे: कैप्टन
मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह ने कहा जाखड़ से अच्छा उम्मीदवार पूरे पंजाब में कोई और नही है। पंजाब में कई मसले है और जो मैने वादे किए हैं, उन्हें पूरे करना है। उन्होनें कहा कि जो पंजाब के हालात बने है वह हमने नहीं बनाए हैं। न ही केंद्र सरकार हमारी कोई मदद कर रही है। उन्होंने कहा कि 10 लाख किसानों का कर्ज 4 -5 दिन में माफ हो जाएगा। उन्होंने कहा 750 करोड़ के प्रोजेक्ट गुरदासपुर व पठानकोट को दिए है। उन्होंने कहा उद्योग को ताकत दे रहे हैं और बाहर से उद्योग लगने वाले है। उन्होनें कहा कि पंजाब के पास पैसा नहीं है, यह हमारा मसला है, हम पैसा जहां से मरजी लाएं। उन्होनें कहा कि एक महीना पहले सलारिया मुझसे टिकट मांग रहे थे। विधानसभा चुनाव में भी टिकट मांग रहे थे। सलारिया अपना चिंतपूर्णी मेडिकल कालेज तो चला नहीं सके, गुरदासपुर क्या चलाएगा। कैप्टन के कहा सलारिया मुंबई में बिजनेस करते हैं, जहां उन्हें काम करना है। जाखड़ तो यहीं रहते हैं, वह गुरदासपुर की आवाज पार्लियामेंट में उठाएंगे।