पंचकूला। जिले में कोरोना वायरस के 9 नए मामले सामने आए हैं। इसमें पंचकूला के 7 मरीज शामिल हैं। इसमें तीन मरीज सेक्टर 20 के रहने वाले हैं। वहीं, 26 नवंबर से लेकर अब तक विदेश से 1989 यात्री पंचकूला आ चुके हैं। इसमें 1966 को ट्रेस कर लिया गया है और 23 को ट्रेस करने के लिए टीमों को तैनात किया गया है। इसी के साथ जिले में सक्रिय मरीजों का आंकड़ा 59 पहुंच गया है, जिसमें 42 मरीज होम आइसोलेट हैं और 17 को अस्पताल में दाखिल किया गया है।
विभाग के आंकड़ों के अनुसार 381 मरीजों की कोरोना से मौत हो चुकी है। इसके अलावा अभी तक जिले में ओमिक्रॉन का भी एक मामला सामने आया है। जबकि पंचकूला में 15 से 17 साल तक के बच्चों के बाद अब 10 जनवरी से तीसरी डोज भी लगाई जाएगी। एहतियाती डोज फिलहाल कुछ कैटेगरी के लोगों को लगाई जाएगी। इसके लिए 10 जनवरी से हेल्थ वर्कर्स की टीम काम करेगी। इसके लिए डॉक्टरों से भी परामर्श जरूरी होगा। इसके बाद ही एहतियाती डोज लगाई जाएगी, जिस किसी को भी ये तीसरी डोज लगेगी, उसको दूसरी डोज लगवाए 9 महीने का वक्त पूरा होना भी जरूरी है।
दो दिन पहले ही साइबर सेल की फॉरेंसिक लैब में तैनात मुलाजिम कोरोना पॉजिटिव पाए गए थे। अब इनकी कॉटैक्ट ट्रेसिंग शुरू कर दी गई है। बुधवार को साइबर सेल के बाद एमडीसी थाने में तैनात मुलाजिमों की भी सैंपलिंग की गई है। कालका हाउसिंग बोर्ड में ओमिक्रॉन आने के बाद एसडीएस टीम ने करीब 100 घरों का सर्वे किया। अब तक महज 20 लोगों के ही सैंपल जांच के लिए आए हैं। यूएस से आई लड़की के परिवार से 5 लोगों के सैंपल दोबारा लिए गए थे। अब उनके पूरे परिवार की रिपोर्ट निगेटिव आई है।