सीसीटीवी कैमरे महीनों से बंद, पुलिस की मौजूदगी के बावजूद बदमाश फरार
संवाद न्यूज एजेंसी
पंचकूला। सेक्टर-20 कुंडी स्थित सरकारी स्कूल के मुख्य गेट के बाहर शुक्रवार दोपहर 8वीं कक्षा के एक छात्र पर हमला कर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया गया। स्कूल से बाहर निकलते ही अचानक कई नाबालिग लड़कों ने छात्र पर हमला बोल दिया। हमले में एक आरोपी ने पेपर कटर से छात्र पर दो वार कर दिए जिससे उसके शरीर पर गहरे घाव हो गए। दूसरे आरोपी ने लोहे के कड़े से उसके सिर पर प्रहार किया। इस दौरान छात्र का दोस्त बीच बचाव के लिए आगे आया लेकिन हमलावरों ने उसे भी नहीं छोड़ा।
पीड़ित छात्र के अनुसार घटना दोपहर करीब 12:30 बजे की है। स्कूल से बाहर निकलते ही मंदिर के पास मौजूद लड़के उसके पास आए और बिना किसी बात के मारपीट शुरू कर दी। बताया जा रहा है कि हमलावरों में स्कूल की ही 8वीं कक्षा के दूसरे सेक्शन का एक लड़का भी शामिल है। पुलिस उसकी तलाश कर रही है।
पास में पुलिस टीम मौजूद, फिर भी हमला
घटना के दौरान स्कूल के पास ही पुलिस की गाड़ी मौजूद थी, लेकिन बदमाशों ने इसकी परवाह नहीं की। शोर सुनकर स्कूल स्टाफ और पुलिस कर्मी मौके पर पहुंचे, तब तक आरोपी वहां से फरार हो चुके थे। घायल छात्र को तुरंत सेक्टर-6 नागरिक अस्पताल ले जाया गया, जहां उसका उपचार चल रहा है। पुलिस ने पीड़ित छात्र और उसके दोस्त के बयान दर्ज कर लिए हैं।
स्कूल गेट के दोनों सीसीटीवी कैमरे महीनों से खराब
घटना की सबसे बड़ी चिंता यह है कि स्कूल गेट पर लगे दोनों सीसीटीवी कैमरे कई महीनों से खराब हैं। एक टीचर ने बताया कि ये कैमरे शिक्षा विभाग ने नहीं, बल्कि स्कूल चौकीदार ने अपनी निजी राशि से लगवाए थे, लेकिन अब ये काम नहीं कर रहे। इसी कारण घटना का कोई फुटेज उपलब्ध नहीं है। स्कूल में करीब 900 बच्चे पढ़ते हैं। टीचर का कहना है कि सोमवार को स्कूल खुलने पर संबंधित सेक्शन के छात्र से भी पूछताछ की जाएगी।
सेक्टर-20 थाना प्रभारी सोमबीर ढाका ने बताया कि पेपर कटर से वार किए जाने की पुष्टि हुई है। हमलावर नाबालिग लड़कों की तलाश की जा रही है और मामले की जांच की जा रही है।