माई सिटी रिपोर्टरपंचकूला। विश्वास फाउंडेशन ने श्रीमाता मनसा देवी श्राइन बोर्ड के सहयोग से माता मनसा देवी परिसर में रक्तदान शिविर लगाया। शिविर में इंडियन रेडक्रॉस सोसाइटी जिला शाखा पंचकूला का अहम योगदान रहा। कैंप सुबह 10 बजे शुरू होकर 3 बजे तक चला। इस दौरान ब्लड बैंक एमकेयर ब्लड सेंटर जीरकपुर की टीम ने डॉक्टर कार्तिक अग्रवाल की देखरेख में 88 यूनिट रक्त एकत्रित किया।
इस मौके पर विश्वास फाउंडेशन की अध्यक्ष साध्वी नीलिमा विश्वास ने बताया लोगों में यह भ्रम है कि रक्तदान करने से शरीर में कमजोरी आती है। रक्तदान के कारण कोई कमजोरी नहीं आती, बल्कि सभी को 90 दिन में एक बार अवश्य ही रक्तदान करना चाहिए। इससे जरूरतमंदों को मदद मिलती है साथ ही शरीर स्वस्थ रहता है। शिविर में आए सभी रक्तदाताओं को प्रशंसा पत्र व गिफ्ट देकर प्रोत्साहित किया गया।
इस अवसर पर विश्वास फाउंडेशन से ऋषि मोहित विश्वास, पवन मनचन्दा, हर्ष मनचन्दा, सत्य भूषण खुराना, शत्रुघ्न कुमार, विशाल कुंवर, नीरज यादव व अन्य गणमान्य अतिथि भी मौजूद रहे।