चुनाव के नजदीक आते ही पुलिस ने किया सिटी सील
बार्डर एरिया सहित अन्य जगहों पर लगे 44 नाके
अमर उजाला ब्यूरो
चंडीगढ़। लोकसभा चुनाव के नजदीक आते ही शहर की पुलिस अलर्ट हो गई है। शनिवार को यूटी पुलिस ने शहर को पूरी तरह सील कर दिया है। मोहाली, पंचकूला, नयागांव समेत अन्य बार्डर एरिया में पुलिस टीम पूरी तरह मुस्तैद रही। इस दौरान वहां से गुजरने वाले हर वाहनों की चेकिंग की गई। पुलिस ने शहर में जगह-जगह नाकेबंदी कर वाहनों की चेकिंग कर आने-जाने का कारण पूछा। शनिवार शाम साढ़े 6 बजे से शुरू किए गए नाके करीब तीन घंटे तक चले। इसमें डीएसपी, इंस्पेक्टर, सब इंस्पेक्टर और ट्रैफिक पुलिस समेत अन्य पुलिसकर्मी शामिल रहे।
44 जगह लगे थे नाके
शहर के अलग-अलग बार्डर एरिया आईटी पार्क, हाउसिंग बोर्ड, मुल्लांपुर, नयागांव, मनीमाजरा समेत अन्य जगहों पर पुलिस की मुस्तैदी दिखी। इस दौरान पुलिस टीम बाहरी राज्यों से चंडीगढ़ में एंट्री करने वाले वाहनों की विशेष रूप से जांच की। इसके साथ ही वाहन चालकों से पूछताछ भी की गई। टीम में थाना एसएचओ के अलावा अन्य पुलिसकर्मी शामिल रहे।
आतंकी हमले से पुलिस सतर्क
बीते महीने पुलवामा में आतंकी हमले और लोकसभा चुनाव नजदीक आने पर चंडीगढ़ पुलिस पूरी तरह मुस्तैद है। साथ ही पुलिस आए दिन बस स्टैंड, रेलवे स्टेशन, भीड़भाड़ वाले मार्केट, होटलों समेत अन्य जगहों पर चेकिंग कर रही है।