टांग पकड़कर बच्चे को घसीट ले गया पिटबुल
सब्जी खरीदने गए 9 साल के बच्चे को पालतू कुत्ते ने पैर में काटा
कुत्ता हटाने को बोला तो मालिक ने बच्चे को ही थप्पड़ मारना चाहा
अमर उजाला ब्यूरो
मनीमाजरा। इंदिरा कालोनी में 9 साल के बच्चे को पालतू कुत्ते ने काट लिया। इससे गुस्साए लोगों ने पुलिस को कुत्ते और कुत्ते के मालिक के खिलाफ कार्रवाई के लिए शिकायत दी है। स्थानीय लोगों ने मांग की है कि इस कुत्ते को कालोनी से बाहर किसी जंगल में छोड़ देना चाहिए अन्यथा यह अन्य लोगों को शिकार बना सकता है।
पीड़ित बच्चे के पिता सतीश मसीह ने बताया कि वह परिवार के साथ मकान नंबर 638 में रहते हैं। शुक्रवार शाम चार बजे उनका 9 साल का बेटा प्रिंस मार्केट में सब्जी लेने गया था कि रास्ते में मकान नंबर 566 में रहने वाला कुत्ते का मालिक अपने पिटबुल डॉग के साथ मिला। प्रिंस ने डरते हुए मालिक को कुत्ते को दूर हटाने के लिए कहा। इस पर मालिक ने प्रिंस को थप्पड़ मारना चाहा। थप्पड़ से बचने के लिए प्रिंस जब दूसरी और घूमा तो कुत्ते ने प्रिंस की टांग पर काट लिया। यही नहीं, कुत्ते प्रिंस को घसीट कर काफी दूर तक ले गया। इसके बाद लोगों ने कुत्ते को डरा कर भगाया। इसके बाद सूचना पाते ही मौके पर पहुंचे सतीश ने अपने बेटे को मनीमाजरा अस्पताल पहुंचाया।
नहीं मिला अस्पताल में एंटी रैबीज वैक्सीन
सतीश ने बताया कि जब वह अपने बेटे को उपचार के लिए मनीमाजरा अस्पताल लेकर गए तो वहां उन्हें एंटी रैबीज वैक्सीन नहीं मिला। इसके बाद वह सेक्टर-6 पंचकूला के नागरिक अस्पताल गए, जहां पर एंटी रैबीज वैक्सीन लगवाई।
पहले भी कई लोगों को काट चुका है पिटबुल
सतीश ने बताया कि इस कुत्ते ने पहले भी कालोनी में कई लोगों को अपना शिकार बनाया है। लोगों ने पुलिस को शिकायत दी थी कि इस कुत्ते को किसी जंगल में छोड़ा जाए, लेकिन पुलिस ने अभी सिर्फ मालिक को सिर्फ चेतावनी ही दी है। इससे लोगों के मन में काफी आक्रोश है।