बंद पड़े सरकारी घरों के बाहर दुकानदारों का कब्जा
सेक्टर-22, 44, 23 और सेक्टर-19 में अभियान चलाकर 8 ट्रक सामान जब्त कर 130 चालान काटे
अमर उजाला ब्यूरो
चंडीगढ़। शहर में अतिक्रमण करने वालों ने स्ट्रीट वेंडर की आड़ में पहले फुटपाथ और फिर सड़कों पर अपनी दुकानदारी शुरू की। इसके बाद सेक्टर-19 और 22 में पार्किंग एरिया पर कब्जा कर कारोबार शुरू कर दिया। यही नहीं, मार्केट के आसपास बने बंद पड़े सरकारी मकानों के आगे और आंगन में सामान स्टोर करना शुरू कर दिया। इसके अलावा सामान रखने के लिए बनाए अवैध निर्माणों को भी तोड़ दिया।
सोमवार को अतिक्रमण हटाओ दस्ते ने सेक्टर-19 में एक बंद पड़े सरकारी मकान नंबर 2154 के बाहर रखा दुकानदार का सामान जब्त किया। इससे पहले शनिवार को सेक्टर-19 मार्केट के सामने कॉनर पर सरकारी मकान नंबर 2407 के आंगन और बाहर दीवार के साथ पड़ी सरकारी जगह को कवर कर जूते और चप्पल को स्टोर करके रखा चार ट्रक सामान एसडीओ बलराज छिकारा अगुवाई में जब्त किया गया था। यह मकान भी बंद पड़ा था, लेकिन उसके गेट पर ताला लगाकर अंदर आंगन में सामान रखा गया था। सेक्टर-19 में दुकानदारों ने अतिक्रमण करने में कोई कसर नहीं छोड़ा है। सोमवार को दस्ते ने 60 चालान कर दुकानदारों को सामान उठाया। अतिक्रमण विंग के इंचार्ज इंस्पेक्टर सुनील दत्त ने बताया कि सोमवार को सेक्टर 22, 44, 23 और सेक्टर-19 में अभियान चलाकर 8 ट्रक सामान जब्त कर 130 चालान काटे गए। इसमें 60 चालान सेक्टर-19 की मार्केट में काटे गए हैं। वहीं, ऐसी ही हालात मनीमाजरा में बस स्टैंड के सामने बने शोरूम में गद्दे, कंबल बेचने वालों के साथ मोबाइल और हलवाई की दुकान चलाने वालों ने कर रखे हैं। यहां शोरूमों के बरामद को कवर कर सामान रखा गया है।