एनएसयूआई कार्यकर्ताओं ने किया प्रदर्शन
पुलिस ने उठाया, एसडीएम कोर्ट से छोड़ा गया
अमर उजाला ब्यूरो
चंडीगढ़।
पीयू के छात्र संगठन एनएसयूआई के कार्यकर्ताओं ने मंगलवार को देश के विभिन्न हिस्सों में बिगड़ी कानून व्यवस्था ठीक नहीं होने और पंचकूला में एक कार्यक्रम में छात्रा से छेड़छाड़ मामले में दोषी पूर्व डीजीपी को आमंत्रित करने पर पीजीआई के गेट नंबर एक पर धरना प्रदर्शन किया। इस दौरान एनएसयूआई के कार्यकर्ताओं ने केंद्रीय गृहमंत्री राजनाथ सिंह को काले झंडे दिखाए। इस पर पुलिस ने एनएसयूआई के आठ कार्यकर्ताओं को राउंड अप किया। इसके बाद आठ आरोपियों को एसडीएम कोर्ट में पुलिस ने पेश किया। इसके बाद सभी को छोड़ दिया गया।
मंगलवार को पीजीआई के गेट नंबर एक पर गृहमंत्री राजनाथ सिंह को काले झंडे दिखाकर कर विरोध करने का प्रयास एनएसयूआई की ओर से किया गया। एनएसयूआई की ओर से मांग की गई है कि हरियाणा, जम्मू और कश्मीर, उत्तर प्रदेश के काशगंज में दंगे के कारण जिस तरह के हालात बने हैं यह कानून व्यवस्था को ठीक नहीं दर्शाता है। दुराचार और अत्याचार की घटनाएं बढ़ गई हैं। एनएसयूआई के कार्यकर्ता मनोज लुबाना, अक्षय शर्मा, विशाल चौधरी, चंदन राणा, अनंत चौधरी, चिन्मय, अर्जुन और आकाश कोहली को गिरफ्तार किया गया था। बाद में इन्हें छोड़ दिया गया।