मानसून थमा, गर्मी और उमस बढ़ी
अमर उजाला ब्यूरो
चंडीगढ़।
मानसून के इंतजार ने उमस और गर्मी बढ़ा दी है। पिछले दो दिन से अधिकतम तापमान नार्मल से ज्यादा रिकार्ड किया जा रहा है। शनिवार को अधिकतम तापमान 36.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से दो डिग्री अधिक है। इसी प्रकार रात के तापमान में भी बढ़ोतरी रिकार्ड हुई। शुक्रवार रात का तापमान 27.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से तीन डिग्री ज्यादा था। सिर्फ चंडीगढ़, पंजाब और हरियाणा के कुछ हिस्से को छोड़ दिया जाए तो मानसून पूरे देश को कवर कर चुका है। इन तीन हिस्सों में मानसून नहीं आने से पूरे इलाके में गर्मी और उमस का माहौल है। इसका असर यह है कि कुछ इलाकों में बारिश होती तो कुछ इलाकों में एक भी बूंद नहीं गिरती।
अब मौसम विभाग ने संभावना जताई है कि मंगलवार के आसपास मानसून एक्टिव हो सकता है। आने वाले तीन दिन मानसून के लिए अनुकूल स्थितियां हैं। मौसम विभाग ने संभावना जताई है कि अगले तीन दिन बादल छाए रहेंगे। एक दो स्थानों में बारिश की भी संभावना बनी रहेगी। हरियाणा व पंजाब के बारे में मौसम विभाग का कहना है कि 10 व 11 जुलाई को दोनों राज्यों के कुछ स्थानों में अच्छी बारिश के संकेत हैं। यदि दोनों ही दिन अच्छी बारिश होती है तो मौसम विभाग मानसून की घोषणा कर सकता है। इसी दौरान चंडीगढ़ में भी बारिश के संकेत हैं। अगले तीन दिन अधिकतम व न्यूनतम तापमान में कमी आ सकती है।
अगले तीन दिन अधिकतम तापमान 30 से 33 डिग्री के बीच और न्यूनतम तापमान 23 से 25 डिग्री के बीच रिकार्ड किया जा सकता है। बारिश के बाद तापमान में कमी आ सकती है। इससे लोगों को राहत मिलेगी।