(हरियाणा के लिए महत्वपूर्ण फोटो समेत)
वॉकथॉन में दौड़े जवान, दिया फिट रहने का संदेश
सबहेड
सीआईएसएफ, पंजाब एवं हरियाणा सिविल सचिवालय के गोल्डन जुबली के मौके पर हुआ आयोजन
सुखना लेक स्पोर्ट्स क्लब से मटका चौक तक किया वॉक
अमर उजाला ब्यूरो
चंडीगढ़। सीआईएसएफ, पंजाब एवं हरियाणा सिविल सचिवालय के गोल्डन जुबली के मौके पर रविवार को सुखना लेक स्पोर्ट्स क्लब से मटका चौक तक 10 किलोमीटर लंबे वॉकथॉन का आयोजन किया गया। चंडीगढ़ के नगर निगम कमिश्नर कमल किशोर यादव ने वॉकथॉन को हरी झंडी दिखाई।
इस मौके पर सीआईएसएफ के कमांडेंट मनमोहन सिंह ने बताया कि इस कार्यक्रम का स्लोगन उद्देश्य ‘हम फिट तो इंडिया फिट’ रखा गया है। इस वॉकथॉन में लगभग डेढ़ सौ से ज्यादा सीआईएसएफ के जवानों ने रजिस्ट्रेशन कराया। कार्यक्रम में सीआईएसएफ के अलावा बीएसएफ, सीआरपीएफ, चंडीगढ़ पुलिस, पंजाब पुलिस और हरियाणा पुलिस के जवान शामिल रहे। हरियाणा के सूचना, जनसंपर्क एवं भाषा विभाग के महानिदेशक समीरपाल सरो ने कहा कि केन्द्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल ने इस पदयात्रा का आयोजन कर न केवल स्वर्ण जयंती की खुशियां मनाई हैं बल्कि जन-जन को इस बल द्वारा अपनी 50 सालों की यात्रा में की गई देशसेवा की याद भी दिलाई है। सरो ने इस अवसर पर पुरस्कार भी वितरित किए।
गौरतलब है कि सीआईएसएफ का गोल्डन जुबली वर्ष 2018-19 देश के विभिन्न भागों में मनाया जा रहा है। इस वॉकथॉन में केन्द्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल की इस इकाई तथा विभिन्न सशस्त्र सुरक्षा बलों के लगभग 200 अधिकारियों और जवानों ने भाग लिया। केन्द्रीय बल द्वारा अपनी स्थापना की 50वीं सालगिरह पर चिकित्सा शिविर, पौधरोपण और रक्तदान जैसे कार्यक्रमों का आयोजन किया जा रहा है। वॉकथॉन भी इन्हीं कार्यक्रमों में से एक है, जिसे ‘हम फिट तो इंडिया फिट’ के संदेश के साथ देशभर में आयोजित कर रहे हैं।