नौ मिनट में लुटेरों ने कैश वैन से लूटे 1.14 करोड़
भोगपुर के पास वारदात, तीन बाइक व कार पर आए सात लुटेरे
फिल्मी स्टाइल में ट्रैफिक रोककर लूटा कैश
एक लुटेरे को पुलिस ने घेरा, मुठभेड़ में लगीं तीन गोलियां, हालत नाजुक
अमर उजाला ब्यूरो
जालंधर।
पठानकोट नेशनल हाईवे पर स्थित भोगपुर से आदमपुर जाने वाले मार्ग पर गांव मानकराय में सात हथियारबंद लुटेरों ने निजी कंपनी की कैश वैन पर फायरिंग कर 1.14 करोड़ रुपये लूट लिए। नौ मिनट तक लुटेरों ने
फिल्मी स्टाइल में मार्ग पर ट्रैफिक रोके रखा और कैश को बोरियों में डालकर फरार हो गए। गांव मानकराय से करीब 20 किलोमीटर दूर गांव चीमा में पुलिस की एक लुटेरे के साथ मुठभेड़ हो गई, जिसमें लुटेरे को तीन गोलियां लगीं है। बदमाश की हालत नाजुक बताई जा रही है। उसे सेक्रेड हार्ट अस्पताल में आईसीयू में रखा गया है। सूचना पाकर डीआईजी जसकरण सिंह, एसपी इन्वेस्टिगेशन बलकार सिंह वारदात स्थल पर पहुंचे और पूरा ब्योरा लिया। भोगपुर पुलिस ने केस दर्ज कर बदमाशों की शिनाख्त करने की कोशिश शुरू कर दी है। पुलिस को मुठभेड़ में एक इंडिगो कार मिली है, जिसका इस्तेमाल कैश वैन की लूट के लिए किया गया है।
जानकारी के मुताबिक रेडिएंट सिक्योरिटी कंपनी की तरफ से एचडीएफसी बैंक का कैश एटीएम में लोड करने के लिए ले जाया जाता है। शुक्रवार को भी कंपनी की ओर से माडल टाऊन ब्रांच से एक कैश वैन में दो करोड़ रुपये से अधिक की राशि रखी गयी थी। रास्ते में कई स्थानों में एटीएम में कैश लोड करने के बाद भोगपुर में कैश वैन में एक करोड़ 14 लाख की राशि बची थी। वैन में गनर सुरिंदरजीत सिंह के अलावा चालक चरणजीत सिंह व कंपनी के तीन मुलाजिम राजीव, गुरप्रीत सिंह व रविंदरपाल सिंह भी सवार थे।
दोपहर 2 बजकर 55 मिनट पर लुटेरों ने घेरा
चालक चरणजीत सिंह के मुताबिक भोगपुर से आदमपुर के लिंक मार्ग पर दोपहर 2 बजकर 55 मिनट पर अचानक एक इंडिगो कार सवार लुटेरों ने एक गोली चलाई, जो शीशे में जा लगी। चालक ने वैन धीमी की तो कार उनके आगे आकर लग गई। इस बीच तीन पल्सर मोटरसाइकिलों पर सवार छह लोग भी आ गए और सभी ने मुंह पर कपड़ा बांधा हुआ था। लुटेरों ने रोड पर ट्रैफिक रोक दिया और गनर सुरिंदरजीत सिंह को गन प्वाइंट पर लेकर उसकी गन छीन ली। जिसमें दो गोलियां निकालकर गन को वापस गाड़ी की सीट पर रख दिया। लुटेरों ने पांच सदस्यों को एक तरफ ले जाकर हाथ खड़ करवा दिए और दो एक बोरी लेकर कैश वैन में चढ़ गए। उन्होंने ट्रंकों के तालों को तोड़ा और कैश को बोरी में भर लिया। इस बीच नौ मिनट तक रोड पर पूरी तरह ट्रैफिक जाम रहा। लुटेरों ने नोटों से भरी बोरी को बाइक पर रखा और सभी भोगपुर की तरफ फरार हो गए। इस बीच फोन के जरिये कंपनी मुलाजिमों ने पुलिस को सूचना दी कि इंडिगो गाड़ी जिसका नंबर उतरा हुआ है, उसमें सवार लुटेरे कैश लूटकर फरार हो गए हैं।
एक लुटेरे को लगीं तीन गोलियां
जिसके बाद सभी संपर्क मार्गों पर नाकेबंदी कर दी गई। डीएसपी करतारपुर सर्बजीत राय अपनी टीम के साथ करतरापुर के गांवों में किशनगढ़ मार्ग पर नाकेबंदी कर चेकिंग कर रहे थे कि लूट में इस्तेमाल इंडिगो कार तेजी से उनके पास से निकली। पुलिस ने उसका पीछा किया और गांव चीमा में नजदीक आने पर फायरिंग की गई। इस दौरान लुटेरे रंजीत सिंह पुत्र सुखदेव सिंह निवासी करतारपुर, लखनके को तीन गोलियां लगीं। पुलिस ने उसे तत्काल निकटवर्ती सेक्रेट हार्ट अस्पताल दाखिल करवाया। इधर पुलिस को गाड़ी में कैश नहीं मिला।
होश आने के बाद ही हो सकता है खुलासा
रंजीत की हालत नाजुक बताई जा रही है। डीआईजी जसकरण सिंह का कहना है कि रंजीत सिंह जिस इंडिगो कार में सवार था, उसी का इस्तेमाल लूट में किया गया था। इस कार को कंपनी के मुलाजिमों ने पहचान लिया है। रंजीत सिंह के साथ बाकी कौन लुटेरे थे, उनके बारे में जांच की जा रही है। अभी रंजीत की हालत सीरियस है। उसके होश में आने के बाद ही मामले का खुलासा हो पाएगा कि वारदात में उनके साथ कौन कौन शामिल था।