बठिंडा-वाराणसी साप्ताहिक स्पेशल ट्रेन के फेरे बढ़े
अमर उजाला ब्यूरो
चंडीगढ़ ।
अंबाला रेलवे डिविजन के अंतर्गत बठिंडा से वाराणसी तक के लिए चलाई जाने वाली 04998/04997 साप्ताहिक स्पेशल ट्रेन के फेरे बढ़ाने का निर्णय लिया गया है। उत्तर रेलवे की ओर से इसकी स्वीकृति प्रदान कर दी गई है। यह ट्रेन अब बठिंडा-वाराणसी के बीच 23 जुलाई से 27 अगस्त तक 12 चक्कर लगाएगी। अधिकारियों ने बताया कि प्रत्येक रविवार को बठिंडा से और प्रत्येक सोमवार को वाराणसी से इस ट्रेन का संचालन होगा।
इसी प्रकार 04401/04402 नंबर की आनंद विहार टर्मिनल-माता वैष्णो देवी कटड़ा साप्ताहिक स्पेशल ट्रेन के फेरे में भी इजाफा किया गया है। अब यह ट्रेन 17 जुलाई से 28 अगस्त तक के बीच आनंद विहार टर्मिनल और माता वैष्णो देवी कटड़ा तक कुल 26 चक्कर लगाएगी। ट्रेन का संचालन प्रत्येक सोमवार और शुक्रवार को आनंद विहार टर्मिनल से और प्रत्येक मंगलवार और शनिवार को श्री माता वैष्णो देवी कटड़ा से आनंद विहार टर्मिनल के लिए चलेगी।