पंचकूला। साइबर ठग अलग-अलग लुभावनी स्कीम बताकर लोगों को झांसे में लेकर बैंक खाता खाली कर रहे हैं। सेक्टर-21 निवासी विशाल चितकारा की शिकायत पर साइबर पुलिस ने शेयर मार्केट में निवेश के नाम पर 7 लाख 40 हजार की ठगी का केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। फरवरी में साइबर ठगों ने जिले में कई लोगों को निशाना बनाया है। सामने आए ज्यादातर मामलों में फाइनेंस बैंक में निवेश, गोल्ड निवेश, कोरियर भेजने, शेयर मार्केट में निवेश और ट्रेडिंग की लुभावनी स्कीमें बताकर ठगी की है।
इन्वेस्टमेंट के नाम पर आया मैसेज
विशाल चितकारा ने बताया कि 29 जनवरी को घर पर इंस्टाग्राम पर एजुकेशन का वीडियो देख रहा था। कुछ देर बाद एक्स टू इनवेस्टर ग्रुप से मैसेज आया। जब उस ग्रुप को ओपन करके देखा तो उसमें कई मेंबर जुड़े हुए थे। सभी मेंबर चैट के माध्यम से इनवेस्टमेंट के बारे में बात कर रहे थे। तभी एक अंजान नंबर से इन्वेस्टमेंट के लिए मैसेज आया और चैट पर बात करने लगे। उसने अपना नाम इशिता जैन बताया। लड़की से बात करने पर उसके द्वारा भेजे गए लिंक को क्लिक किया तो वह ग्रुप का सदस्य बन गया।
इस तरह करवाए निवेश
पीड़ित ने बताया कि साइबर ठग ने पहले 10 हजार रुपये निवेश करने को कहा। उसने भेजे गए खाते पर रुपये ट्रांसफर कर दिए। कुछ दिन बाद ट्रेडिंग एप में प्रॉफिट के साथ रुपये दिखने लगे। इसके बाद फिर से 25 हजार रुपये निवेश कर दिया। लगातार ट्रेडिंग करने के बाद 3 फरवरी को फिर से 50 हजार रुपये निवेश कर दिए। एप पर शो हो रहे रुपये में से 4 फरवरी को दस हजार निकालने पर तीन प्रतिशत कमीशन काटने के बाद 9708 रुपये खाते में ट्रांसफर हो गए। ट्रेडिंग पर भरोसा होने पर 6 फरवरी को 50 हजार, 10 फरवरी को 1 लाख, 13 फरवरी को 2 लाख डाल दिए। इस तरह अलग-अलग टाइम पर कुल 7 लाख 40 हजार निवेश किए।
ऐसे चला ठगी का पता
रुपये निवेश करने के बाद ट्रेडिंग एप पर 10 लाख रुपये शो होने लगे। इसके बाद ठग लड़की एप से 13 लाख के शेयर खरीदने के लिए कहने लगी। इसके बाद कहा कि तीन लाख रुपये और निवेश करो नहीं तो 10 लाख नहीं निकल पाएंगे। तभी ठगी का शक हुआ तो साइबर पोर्टल पर इसकी शिकायत दी।
इस तरह बचें ठगों से
साइबर थाना प्रभारी इंस्पेक्टर मुनीष कुमार ने बताया कि साइबर ठगी काफी चालाकी से वारदात कर रहे हैं। ठग अब कोरियर, ट्रेडिंग, निवेश और एप के जरिये से लोगों निशाना बना रहे हैं। इस तरह की ठगी से बचने के लिए अंजान नंबरों पर सावधानी से बात करें। सोशल साइट पर इन्वेस्टमेंट करवाने वाले एप से सावधान रहें।