उनके अनुसार इससे जिला और ब्लॉक स्तर पर तैयारियों का जायजा लेने व समीक्षा करने और अनुभव पर आधारित डाटा एकत्र करने में भी मदद मिलेगी। इसके अलावा कोविड-19 वैक्सीन रोल आउट का सफल कार्यान्वयन सुनिश्चित करने के लिए प्रदेशभर में सात जनवरी को भी ‘ड्राई रन’ की योजना बनाई गई है।
हर जिले में तीन ‘सेशन साइट’ का चयन होगा
प्रदेश में सात जनवरी को संचालित किए जाने वाले ड्राई रन के बारे में अंतरिम योजना का विवरण देते हुए अतिरिक्त मुख्य सचिव ने बताया कि प्रत्येक जिले में तीन ‘सेशन साइट’ का चयन किया जाएगा। अरोड़ा ने कहा कि बढ़ी हुई क्षमता वाले राज्य के मौजूदा सार्वभौमिक टीकाकरण कार्यक्रम के प्लेटफॉर्म का उपयोग कोविड-19 वैक्सीन लगाने के लिए किया जाएगा।
केंद्र सरकार के दिशानिर्देशों के अनुसार कोविड-19 वैक्सीन लगाने की शुरुआत वर्ष में क्रमिक रूप से कई समूहों से होगी और इसे हेल्थ केयर वर्कर्स से शुरू किया जाएगा। श्रेणी-1 के तहत स्वास्थ्य कर्मचारियों का टीकाकरण किया जाएगा।
श्रेणी-2 के अंतर्गत पालिका और सफाई कार्यकर्ता, राज्य और केंद्रीय पुलिस बल, सिविल डिफेंस और सशस्त्र बलों जैसे फ्रंटलाइन कार्यकर्ताओं का टीकाकरण किया जाएगा। श्रेणी-3 के अंतर्गत 50 वर्ष से अधिक आयु के लोगों और श्रेणी-4 में 50 वर्ष से कम आयु के ऐसे लोगों का टीकाकरण किया जाएगा जो बीमार हैं।