शहर में असंगठित क्षेत्र के डेढ़
लाख लोगों को मिलेगा लाभ
- ईपीएफओ और एलआईसी में 15 से करवाएं रजिस्ट्रेशन
- केंद्र ने बजट में असंगठित क्षेत्र के लोगों को पेंशन का दिया था तोहफा
अमर उजाला ब्यूरो
चंडीगढ़। शहर में असंगठित क्षेत्रों में काम कर रहे करीब डेढ़ लाख लोगों को बड़ी सौगात मिलने जा रही है। केंद्र सरकार के बजट में असंगठित क्षेत्रों के लिए घोषित पेंशन योजना का लाभ शहर में 15 फरवरी से मिलना शुरू हो जाएगा। 11 फरवरी से योजना पर इंप्लाइज प्रोविडेंट फंड आफिस (ईपीएफओ) और लाइफ इंश्योरेंस कारपोरेशन में काम शुरू हो जाएगा। यहां एक हेल्प डेस्क बनाया जाएगा। इसकी तैयारियां लगभग पूरी हो चुकी हैं। सेक्टर-17 स्थित ईपीएफओ को योजना के तहत असंगठित क्षेत्रों में काम कर रहे लोगों के रजिस्ट्रेशन का जिम्मा सौंपा गया है।
ईपीएफओ के चंडीगढ, पंजाब और हिमाचल प्रदेश के एडिशनल कमिश्नर वी. रंगनाथ ने बताया कि केंद्र सरकार की इस महत्वाकांक्षी योजना को लेकर पत्र मिल चुका है। 15 फरवरी से योजना पर काम शुरू कर दिया जाएगा। यह एक सोशल सिक्योरिटी स्कीम है। इसके तहत ज्यादा से ज्यादा लोगों को फायदा मिले, इसे लेकर कार्यालय की ओर से प्रयास किए जाएंगे। पहली बार सरकार ने असंगठित क्षेत्रों में काम करने वाले लोगों के बारे में सोचा है। यह अपने आप में बड़ा परिवर्तन है।
इन्हें मिलेगा योजना का लाभ
इस योजना में 18 से 40 साल का हर इंसान योग्य होगा। योजना में गैर संगठित क्षेत्र में काम कर रहे लोग जिसमें घरों में झाडू पोछा के साथ खाना इत्यादि बनाने वाली महिलाएं, रेहड़ी-फड़ी, सब्जी, मोची, मदारी, रिक्शा चालक, मजदूर, दुकानों पर काम करने वाले समेत अन्य लोग शामिल किए जाएंगे। शहर में करीब डेढ़ लाख लोगों को इस योजना का लाभ मिलेगा।
ऐसे मिलेगा योजना का लाभ
इस योजना के तहत 18 साल का अगर कोई शख्स अपने आप को रजिस्टर्ड करता है तो उसे मात्र 58 रुपये प्रतिमाह अपने जनधन खाते में जमा कराने होंगे। जनधन खाते का आधार कार्ड से जुड़ा होना जरूरी है। 40 साल के शख्स को योजना के तहत हर माह 200 रुपये के करीब हर माह जमा कराने होंगे। अगर कोई यह राशि 58 साल तक जमा कराता रहता है तो उसे 58 साल के बाद प्रतिमाह 3000 रुपये पेंशन के मिलेंगे।
घर के हर सदस्य को कराना होगा रजिस्ट्रेशन
अगर एक घर में दो या तीन या चार या इससे ज्यादा सदस्य भी इस योजना के साथ जुड़ना चाहते हैं तो उन सभी को पहले चरण में ईपीएफओ आफिस या एलआईसी में रजिस्ट्रेशन कराना होगा। अपने साथ जनधन खाते की डिटेल व आधार कार्ड को ले जाना होगा। योजना के तहत अगर सभी अलग-अलग उम्र के मुताबिक तय पैसा जमा कराते हैं तो उन्हें अलग-अलग पेंशन मिलेगी।