नोएडा के ध्यानार्थ
पंजाब टीम को मिली दस विकेट से जीत
रणजी ट्राफी : केरल से मिले 131 रन के लक्ष्य को बिना विकेट खोए पूरा किया
इस जीत के साथ ही पंजाब को 7 अंक मिले, जबकि केरल को शून्य अंक से ही संतोष करना पड़ा
अमर उजाला ब्यूरो
चंडीगढ़। पंजाब क्रिकेट टीम ने केरल को 10 विकेट से पराजित कर रणजी मैच में जीत दर्ज की। इस जीत के साथ ही पंजाब को 7 अंक मिले, जबकि केरल को शून्य अंक से ही संतोष करना पड़ा। केरल की ओर से दिए गए 131 रन के लक्ष्य को पंजाब ने आसानी से पूरा कर लिया। पंजाब की ओर से जीवनजोत सिंह नाबाद (48) और शुभमन गिल ने नाबाद (69) रन बनाकर 27.4 ओवर में बिना विकेट खोए 131 रन बनाकर मैच जीत लिया। केरल ने पहली पारी में 121 और दूसरी पारी में 223 रन बनाए। इसके जवाब में पंजाब ने पहली पारी में 217 रन और दूसरी पारी में बिना कोई विकेट खोए 131 रन बनाकर मैच जीत लिया।
मोहाली के पीसीए स्टेडियम में खेले जा रहे रणजी ट्राफी के मैच के तीसरे दिन मंगलवार को केरल के नाबाद बल्लेबाज मोहम्मद अजहरुद्दीन व कप्तान सचिन बॉबी मैदान में उतरे। कप्तान सचिन बॉबी (16) रन के अपने निजी स्कोर में अभी एक भी रन नहीं जोड़ सके थे कि पंजाब के तेज गेंदबाज मनप्रीत सिंह ग्रेवाल की गेंद पर बोल्ड हो गए। इसके बाद क्रीज पर आए विष्णु विनोद ने मोहम्मद अजहरुद्दीन के साथ पारी को आगे बढ़ाया। इस दौरान मोहम्मद अजहरुद्दीन ने पंजाब के गेंदबाजों की गेंदों पर आसानी से खेलते हुए अपना शतक पूरा किया और टीम के स्कोर को 190 रन तक पहुंचा दिया। मोहम्मद अजहरुद्दीन को पंजाब के गेंदबाज बलतेज सिंह की गेंद पर अनमोलप्रीत सिंह ने कैच आउट कर उनकी पारी का अंत किया।
अजहरुद्दीन ने आउट होने से पहले 168 गेंदों पर 2 छक्के व 12 चौके की मदद से 112 रन की पारी खेली। इनके आउट होने के बाद केरल के बल्लेबाज पंजाब के गेंदबाजों के आगे टीक नहीं सके। केरल के जलज सक्सेना (3), सीजोमोन जोसेफ (7), बसील थंपी (00) व निधिश एमडी (11) व विष्णु विनोद (36) रनों की पारी की बदौलत 73.1 ओवर में सभी विकेट खोकर 223 रन बना पाए।
पंजाब की ओर से मयंक मारकंडे ने 56 रन देकर 4 विकेट, मनप्रीत सिंह ग्रेवान ने 20 रन देकर 2 विकेट, बलतेज सिंह ने 73 रन देकर 2 विकेट और सिद्धार्थ कौल ने 65 रन देकर 2 विकेट झटके। इस तरह पंजाब को जीत के लिए 131 रन का लक्ष्य मिला। पंजाब की टीम ने इस छोटे लक्ष्य को आसानी से हासिल कर लिया। पंजाब की ओर से मैदान में उतरे सलामी बल्लेबाज जीवनजोत सिंह व शुभमन गिल ने बेहतरीन बल्लेबाजी करते हुए 27.4 ओवर में बिना विकेट खोए 131 रन बनाकर मैच जीत लिया। पारी के दौरान जीवनजोत सिंह ने 7 चौके की मदद से नाबाद 48 रन तथा शुभमन गिल ने शानदार अर्धशतक लगाते हुए 11 चौके की मदद से नाबाद 69 रन बनाए।