अब टैगोर थिएटर में सीखिए शास्त्रीय नृत्य
15 जुलाई से शुरू हो जाएंगी कक्षाएं
अमर उजाला ब्यूरो
चंडीगढ़। टैगोर थिएटर में अब सिर्फ एक्टिंग ही नहीं बल्कि शास्त्रीय नृत्य की नियमित कक्षाएं लगेंगी। टैगोर थिएटर में अब तक सिर्फ एक्टिंग की वर्कशॉप का आयोजन ही किया जाता था। जबकि यदि कथक डांस या भरतनाट्यम सीखना होता था तो उसके लिए प्राचीन कला केंद्र या सिटी के अन्य संस्थानों में जाना पड़ता था।
टैगोर थिएटर के डायरेक्टर कुलदीप शर्मा ने कहा कि कई पैरेंट्स की इंक्वायरी आती थी कि टैगोर में क्या-क्या सीखने को मिलता है। ज्यादातर बच्चे डांस सीखना चाहते हैं। ऐसी स्थिति में उन्होंने शास्त्रीय नृत्य की कक्षाओं का प्रस्ताव विभाग को भेजा। इसका पाजिटिव रिस्पांस मिला और जुलाई के मध्य से इन क्लास को शुरू करने की इजाजत मिल गई। कुलदीप शर्मा ने बताया कि डांस क्लास सप्ताह में तीन दिन लगेंगी। यह शाम पांच बजे से साढ़े छह बजे तक होंगी। अभी यह प्रोजेक्ट तीन माह के लिए शुरू किया जा रहा है और तीन माह बाद इसका पूरी तरह से रिव्यू होगा। इसके बाद कक्षाओं को नियमित करने के लिए तय किया जाएगा।
कुलदीप शर्मा ने बताया कि इन क्लास के लिए पांच सौ रुपये की फीस रखी गई है। कुलदीप शर्मा ने बताया कि अबकी बार गर्मियों की एक माह की वर्कशॉप में बच्चों का पाजिटिव रिस्पांस देखते हुए भविष्य में टैगोर थिएटर में कुछ अन्य क्लास भी शुरू करने की योजना है।