40 हजार सालाना फीस में होगी इंजीनियरिंग
हरियाणा सरकार ने सूबे के चारों सरकारी इंजीनियरिंग एंड आईटी इंस्टीट्यूट का फीस ढांचा तय किया
अमर उजाला ब्यूरो
चंडीगढ़।
हरियाणा सरकार ने राज्य में शैक्षणिक सत्र 2017-18 के लिए अपने चारों राजकीय इंजीनियरिंग कालेजों का फीस ढांचा तय कर दिया है। इन संस्थानों में 40 हजार रुपये में इंजीनियरिंग कोर्स हो जाएगा। उल्लेखनीय है कि इन संस्थानों में एडमिशन के लिए विद्यार्थियों में मारामारी रहती है।
तकनीकी शिक्षा विभाग के प्रवक्ता ने बताया कि चौधरी देवी लाल राज्य इंजीनियरिंग एवं प्रौद्योगिकी संस्थान, पन्नीवाला मोटा, सिरसा, चौधरी रणबीर सिंह राज्य इंजीनियरिंग एवं प्रौद्योगिकी संस्थान, सिलानी केशो, झज्जर, राव बीरेंद्र सिंह राज्य इंजीनियरिंग एवं प्रौद्योगिकी संस्थान, जैनाबाद, रेवाड़ी और राजकीय इंजीनियरिंग कालेज नीलोखेड़ी, करनाल में विभिन्न कोर्सों के लिए 40,000 रुपये प्रति वर्ष प्रति विद्यार्थी फीस निर्धारित की गई है।
उन्होंने बताया कि वर्ष 2017-18 के लिए निर्धारित किए गए इंजीनियरिंग फीस ढांचे के अनुसार विद्यार्थियों को 30,000 रुपये वार्षिक ट्यूशन फीस एवं 3,000 रुपये स्टूडेंट फंड के अलावा 500-500 रुपये सेमिनार या कांफ्रेंस, विद्यार्थी सहायता कोष तथा जमानत राशि के लिए, 2500 रुपये प्रयोगशाला विकास, इंटरनेट, प्लेसमेंट, काउंसलिंग एवं प्रशिक्षण के लिए, 1000 रुपये (विश्वविद्यालय के अनुसार) परीक्षा फीस के लिए और 2,000 रुपये खेल या युवा कल्याण पत्रिका, मेडिकल या एनएसएस के लिए अदा करने होंगे।