एसएसके टूटे, सड़कों, गलियों में बिखरा कूड़ा
ऐसे हालात में कैसे सिटी ब्युटीफुल बनेगा नंबर वन
अमर उजाला ब्यूरो
मनीमाजरा। सिटी ब्युटीफुल कभी स्वच्छता सर्वेक्षण में पहले नंबर में था, लेकिन आज यह पिछड़कर 20वें स्थान पर आ गया। इसका सबसे बड़ा कारण नगर निगम की ओर से कूड़े के रखरखाव की हालात दिन-ब-दिन खराब होना है।
मनीमाजरा में नगर निगम ने जो शिवालिक गार्डन के पास कूड़ा जमा करने के लिए सहज सफाई केंद्र (एसएसके) बनाया है, वह पिछले तीन-चार से टूटा पड़ा है। एसएसके टूटे रहने से सारा कूड़ा बाहर सड़क तक आ जाता है। इस पर लावारिस पशु दिनभर मुंह मारते रहते हैं। इस एसएसके के पास हालात ऐसे हो गए है कि यहां से निकलने वालों को भी भारी दुर्गंध का सामना करना पड़ा है। इस एसएसके पीछे शांति नगर और पिपली वाला टाउन का रिहायशी एरिया है।
स्थानीय निवासी प्रिंस धीमान का कहना है कि यहां रहने वाले लोगों का जीना मुहाल है। समाजसेवी रामेश्वर गिरि का कहना कि कैसे सिटी ब्यूटीफुल का स्तर स्वच्छ सर्वेक्षण में सुधारेगा, जबकि मनीमाजरा जैसे लाखों की आबादी वाले शहर में कहीं भी छोटे या बड़े डस्टबिन नहीं रखे हैं। लोग खुलेआम सड़कों और गलियों के किनारे कूड़ा फेंकते हैं।
ऐसे ही हालात इंदिरा कॉलोनी के बाहर इंदिरा फ्लैट के सामने बने हैं। उसके सामने सड़क पर लोग कूड़ा गिरते हैं जोकि दिन भर पड़ा रहता है।
मौली कांप्लेक्स में बने कम्युनिटी सेंटर के पीछे कूड़े के हमेशा ढेरे लगे रहते हैं। इसके सामने लोगों के घर भी हैं। इस कूड़े के ढेरों पर हमेशा ही लावारिस पशु मुंह मारते रहते हैं। इसके चलते लोगों को कूडे़ की बदबू एक किलोमीटर तक सहन पड़ती है। स्थानीय निवासी पंजाब सिंह ने बताया कि पिछले 15 दिन से कोई भी गाड़ी या कर्मचारी इस कूडे़ के ढेरों को उठाने नहीं आ रहा है। इस वजह से यहां स्थिति बहुत गंभीर हो गई है।