छह ट्रैवलर्स कंपनियों से जमा कराया बकाया 11 लाख जीएसटी, अब पेनल्टी लगाने की तैयारी
- एक माह पूर्व एक्साइज एंड टैक्सेशन डिपार्टमेंट ने सेक्टर-43 के बस स्टैंड की थी छापेमारी
अमर उजाला ब्यूरो
चंडीगढ़। एक्साइज एंड टैक्सेशन डिपार्टमेंट ने जीएसटी न भरने के मामले में छह ट्रैवलर्स कंपनियों से 11 लाख रुपये बकाया जीएसटी जमा कराया है। अब इन कंपनियों पर पेनल्टी लगाए जाने की कार्रवाई की जाएगी। साथ ही विभाग द्वारा निर्देश दिया गया है कि यदि कंपनियों द्वारा दोबारा ऐसी हरकत की गई तो कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
जीएसटी न भरने की शिकायत पर बीते महीने सेक्टर-22, 34, 53 और कजहेड़ी से एक्साइज डिपार्टमेंट की नौ टीमों ने छह ट्रैवलर्स कंपनियों के दफ्तर में छापेमारी कर दस्तावेज और कंप्यूटर्स को कब्जे में लिया था। जांच के बाद इंडो कैनेडियन टूर एंड ट्रैवलर्स, जमीदारा ट्रैवल, कृष्णा ट्रैवल, विजय ट्रैवल, मून लाइट ट्रैवल, हैरी ट्रैवल और स्वामी ट्रैवल आदि कंपनियों ने डिपार्टमेंट को करीब 11 लाख की बकाया राशि जमा कराई है। असिस्टेंट एक्साइज एंड टैक्सेशन कमिश्नर आरके चौधरी ने बताया कि पेनल्टी को लेकर काम चल रहा है।
ये था पूरा मामला
सेक्टर-43 बस स्टैंड के सामने कजहेड़ी पहुंची एक्साइज एंड टैक्सेशन डिपार्टमेंट की टीमों ने वहां पर खड़ी बसों में छापे मारे और टिकट चेक किए थे। डिपार्टमेंट को जानकारी मिली थी कि यहां पर प्राइवेट कंपनी की बसें खड़ी कर यात्रियों को बैठाते हैं लेकिन टैक्स नहीं जमा करा रहे। यह बसें दिल्ली, जयपुर, मनाली तक जाती हैं।