सेक्टर-21 चौकी पुलिस ने सीसीटीवी से सुलझाई गुत्थी
डीसीपी ने स्कूलों व अभिभावकों को दिए सुरक्षा निर्देश
माई सिटी रिपोर्टर
पंचकूला। सेक्टर-21 क्षेत्र से लापता हुई 5 वर्षीय बच्ची को पुलिस ने चंद घंटों के भीतर सुरक्षित बरामद कर परिजनों को सौंप दिया। पुलिस की त्वरित कार्रवाई से परिवार को बड़ी राहत मिली।
स्कूल छुट्टी के बाद बच्ची वाहन में नहीं बैठी और अपनी सहेली के घर चली गई थी। दोपहर करीब 2 बजे परिजन बच्ची के लापता होने की सूचना लेकर पुलिस चौकी पहुंचे, जिसके बाद तुरंत सर्च ऑपरेशन शुरू किया गया।
चौकी इंचार्ज दीदार सिंह और सब-इंस्पेक्टर देशराज के नेतृत्व में टीम ने आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले। जांच में सामने आया कि ऑटो चालक की लापरवाही के चलते बच्ची स्कूल में रह गई थी और बाद में सहेली के घर चली गई। पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर बच्ची को सकुशल बरामद कर लिया।
अभिभावकों और स्कूलों को निर्देश
डीसीपी सृष्टि गुप्ता ने घटना के बाद स्कूल प्रबंधन को निर्देश दिए कि छुट्टी के समय बच्चों की सुरक्षा और उन्हें सही वाहन में बैठाने की जिम्मेदारी सुनिश्चित करें। उन्होंने अभिभावकों से अपील की कि बच्चों को अपना पता और मोबाइल नंबर याद कराएं तथा किसी भी आपात स्थिति में तुरंत पुलिस को सूचना दें।